WhatsApp का नया फीचर बदल देगा चैटिंग का अंदाज, iPhone यूजर्स के लिए Animated Wallpapers की टेस्टिंग; जानें क्या होगा खास

नई दिल्ली: WhatsApp अपने iOS यूजर्स के लिए चैटिंग अनुभव को और ज्यादा व्यक्तिगत बनाने की तैयारी कर रहा है। मैसेजिंग प्लेटफॉर्म iOS पर एनिमेटेड वॉलपेपर वाले चैट थीम्स की टेस्टिंग कर रहा है। इस फीचर के जरिए यूजर्स चैट के बैकग्राउंड और वॉलपेपर को अपनी पसंद के मुताबिक बदल सकेंगे। इसके साथ ही अलग-अलग थीम के हिसाब से मैसेज बबल का रंग भी बदला जा सकेगा। फिलहाल यह फीचर विकास के चरण में बताया जा रहा है।

iOS पर बीटा वर्जन में टेस्ट हो रहा फीचर

फीचर ट्रैकर Wabetainfo की रिपोर्ट के मुताबिक WhatsApp iOS पर एनिमेटेड वॉलपेपर वाले चैट थीम्स का परीक्षण कर रहा है। यह सुविधा iOS 26.31.10.74 के लिए WhatsApp के बीटा अपडेट में बताई गई है, जो TestFlight पर उपलब्ध है।

हालांकि, अभी यह सुविधा सभी यूजर्स के लिए जारी नहीं की गई है। टेस्टिंग पूरी होने के बाद इसे भविष्य के अपडेट के जरिए व्यापक स्तर पर उपलब्ध कराया जा सकता है।

तीन कैटेगरी में मिल सकते हैं नए चैट थीम्स

रिपोर्ट के अनुसार WhatsApp चैट थीम्स के लिए Featured, Doodle और Minimal जैसी तीन अलग-अलग कैटेगरी पेश कर सकता है। इनमें Featured कैटेगरी में एनिमेटेड वॉलपेपर शामिल किए जाने की बात कही गई है।

एनिमेशन को काफी हल्का और सीमित रखा जा सकता है, ताकि चैट के दौरान यूजर का ध्यान बातचीत से न भटके और बैकग्राउंड में हल्की गतिशीलता बनी रहे। इससे अलग-अलग चैट को अलग लुक देने का विकल्प भी मिलेगा।

Doodle और Minimal थीम भी होंगे खास

Doodle चैट थीम में अलग-अलग डूडल पैटर्न वाला बैकग्राउंड मिल सकता है। वहीं Minimal थीम को साधारण रखा जाएगा, जिसमें बिना किसी अतिरिक्त डिजाइन के सादा बैकग्राउंड दिखाई दे सकता है।

WhatsApp अलग-अलग थीम के साथ उनके अनुरूप मैसेज बबल के रंग भी उपलब्ध करा सकता है। इससे यूजर्स अपनी पसंद के मुताबिक चैट का पूरा रूप बदल सकेंगे।

iOS के साथ Android पर भी मिल सकता है फीचर

चैट थीम्स की यह सुविधा iOS और Android दोनों प्लेटफॉर्म पर समान तरीके से काम करने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, अभी कंपनी की ओर से सभी यूजर्स के लिए इसके जारी होने की आधिकारिक तारीख स्पष्ट नहीं की गई है। फिलहाल यह सुविधा परीक्षण चरण में है और भविष्य के अपडेट में उपलब्ध हो सकती है।

WhatsApp में हाल में आए कई नए फीचर

WhatsApp ने हाल के दिनों में अपने प्लेटफॉर्म पर कई नए बदलाव किए हैं। पोल फीचर में सुधार के तहत यूजर्स को वोटिंग की समयसीमा तय करने और गुमनाम प्रतिक्रिया की अनुमति देने जैसे विकल्प दिए गए हैं।

इसके अलावा @all मेंशन फीचर भी पेश किया गया है, जिसके जरिए ग्रुप में एक ही टैग के माध्यम से सभी सदस्यों को सूचित किया जा सकता है।

WhatsApp ने यूजर्स को मौजूदा ग्रुप से नया ग्रुप चैट बनाने की सुविधा भी दी है, जिसमें बार-बार सदस्यों को चुनकर जोड़ने की जरूरत नहीं पड़ती। इसके अलावा WhatsApp के वेब संस्करण पर ऑडियो और वीडियो कॉल की सुविधा भी शुरू की गई है। ये कॉल एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड होती हैं।

 

Related posts