शिवमोग्गा: कर्नाटक के शिवमोग्गा जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच बड़ा हादसा सामने आया है। मलनाड क्षेत्र में शनिवार और रविवार की दरमियानी रात हुए भीषण भूस्खलन में एक ही परिवार के तीन लोगों की मलबे में दबकर मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनका तीन वर्षीय बेटा शामिल है। सूचना मिलते ही पुलिस और आपातकालीन सेवा की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान चलाकर तीनों शवों को बाहर निकाला।
सोते समय घर पर आ गिरी पहाड़ी
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान 35 वर्षीय मल्लिकार्जुन, उनकी 28 वर्षीय पत्नी नागवेणी और तीन वर्षीय बेटे संतोष के रूप में हुई है। यह परिवार कोप्पल जिले के गंगावती तालुक के कोक्करेगारु गांव का रहने वाला था। बताया गया कि रविवार तड़के करीब 2:30 बजे परिवार अपने घर में सो रहा था, तभी लगातार बारिश के चलते पहाड़ी का एक हिस्सा ढह गया और उनका कच्चा मकान मलबे की चपेट में आ गया।
पास के मकान में रहने वाला एक व्यक्ति भी घायल
हादसे में पास के एक अन्य मकान में रह रहा एक व्यक्ति भी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।
राहत टीम ने चलाया बचाव अभियान
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची। संयुक्त बचाव अभियान के दौरान मलबे में दबे तीनों लोगों के शव बरामद किए गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
लगातार बारिश बनी हादसे की वजह
पुलिस ने बताया कि मलनाड क्षेत्र में कई दिनों से लगातार भारी बारिश हो रही है। इसी कारण पहाड़ी का हिस्सा कमजोर होकर ढह गया, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और प्रभावित क्षेत्रों में सतर्कता बरतने की अपील की गई है।
