राजकोट: दुबई से मुंबई आ रही इंडिगो की एक उड़ान में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब विमान के कार्गो होल्ड क्षेत्र से धुआं निकलने की सूचना मिली। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विमान में तुरंत इमरजेंसी घोषित की गई और उसे गुजरात के राजकोट स्थित हीरासर एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट किया गया। विमान में सवार 194 यात्रियों की करीब 42 मिनट तक सांसें अटकी रहीं। हालांकि, विमान की सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
धुआं दिखते ही लिया गया तत्काल फैसला
जानकारी के अनुसार, एयरबस ए321 विमान दुबई से मुंबई के लिए रवाना हुआ था। उड़ान के दौरान कार्गो होल्ड क्षेत्र में धुआं दिखाई देने की सूचना मिली। इसके बाद यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए दोपहर 2:45 बजे पूर्ण इमरजेंसी घोषित कर दी गई और विमान को राजकोट के हीरासर एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया गया।
3:27 बजे सुरक्षित उतरा विमान
इमरजेंसी घोषित होने के करीब 42 मिनट बाद दोपहर 3:27 बजे विमान ने राजकोट एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। विमान के उतरते ही सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना में किसी यात्री या चालक दल के सदस्य के घायल होने की सूचना नहीं है।
फायर ब्रिगेड और पुलिस को किया गया अलर्ट
आग लगने की आशंका को देखते हुए एयरपोर्ट पर पहले से ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमों को तैनात कर दिया गया था। विमान के सुरक्षित उतरने के बाद पूरे विमान की जांच शुरू की गई। अधिकारियों ने धुआं निकलने के कारणों का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच भी शुरू कर दी है।
एयरपोर्ट निदेशक ने दी जानकारी
राजकोट एयरपोर्ट के निदेशक दिगंत बोरा ने बताया कि दुबई से मुंबई जा रही इंडिगो की उड़ान में कार्गो होल्ड क्षेत्र में धुआं दिखाई देने के बाद एहतियातन इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। उन्होंने कहा कि विमान सुरक्षित उतर गया और सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।
इसी महीने इंडिगो की एक और उड़ान आई थी चर्चा में
इसी महीने बेंगलुरु में इंडिगो की एक उड़ान में बम होने की पर्ची मिलने से भी हड़कंप मच गया था। हालांकि, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की जांच में कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई थी।
खराब मौसम के कारण चीन से काठमांडू जा रही उड़ान लखनऊ पहुंची
वहीं, एक अन्य घटनाक्रम में खराब मौसम के कारण चाइना सदर्न एयरलाइंस की फ्लाइट सीजेड 3067 को काठमांडू के बजाय लखनऊ डायवर्ट किया गया। ग्वांगझू से काठमांडू जा रहे एयरबस ए320 नियो विमान ने रविवार रात 11:18 बजे चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंडिंग की। विमान में 159 यात्री सवार थे।
