गुजरात में भीषण सड़क हादसा: सूरत के पास दो बसों की आमने-सामने टक्कर, 7 यात्रियों की मौत, 40 से अधिक घायल

सूरत: गुजरात के सूरत जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में सात लोगों की जान चली गई, जबकि 40 से अधिक यात्री घायल हो गए। बारडोली कस्बे के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) की दो बसों के बीच हुई भीषण टक्कर के बाद एक बस में आग लग गई, जिससे हादसा और भयावह हो गया।

पुलिस के अनुसार दुर्घटना उवा गांव के पास हुई। हादसे में जान गंवाने वाले सभी यात्री उसी बस में सवार थे, जिसमें टक्कर के बाद आग भड़क उठी थी। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

ट्रैक्टर से टकराने के बाद अनियंत्रित हुई बस

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक बस सूरत से महाराष्ट्र के धुले की ओर जा रही थी, जबकि दूसरी बस चालीसगांव से सूरत आ रही थी। बारडोली-व्यारा मार्ग पर धुले जा रही बस पहले एक ट्रैक्टर से टकरा गई। टक्कर के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस डिवाइडर पार कर सामने से आ रही दूसरी बस से जा भिड़ी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर पलटकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरा, जबकि एक बस में आग लग गई। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में चीख-पुकार सुनाई देने लगी।

बचाव कार्य में जुटीं कई एजेंसियां

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और सूरत तथा तापी जिले के प्रशासनिक अधिकारियों की टीमें मौके पर पहुंच गईं। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया।

अधिकारियों के मुताबिक कई यात्रियों की जान समय रहते बचा ली गई। घायलों को बारडोली अस्पताल सहित आसपास के चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया गया है।

मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपये सहायता

महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाइक ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि सभी घायलों को निशुल्क और सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

एमएसआरटीसी प्रशासन ने भी हादसे में जान गंवाने वाले यात्रियों और कर्मचारियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

हादसे के कारणों की जांच शुरू

पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है, ताकि दुर्घटना की वास्तविक वजह सामने आ सके।

 

Related posts