आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, बिहार जा रही बस पलटी; 6 लोगों की मौत, कई घायल

उन्नाव: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सोमवार देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। दिल्ली से बिहार जा रही एक बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस और राहत टीमें मौके पर पहुंचीं। घायलों को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर उपचार के लिए लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।

एक सब-इंस्पेक्टर और कैदी की भी मौत

औरास थाना प्रभारी संजीव कुशवाहा के मुताबिक हादसा आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 262 पर हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस का संतुलन बिगड़ने के बाद वह पलट गई।

इस हादसे में जान गंवाने वालों में एक सब-इंस्पेक्टर रामचंद्र और एक कैदी छत्रपाल भी शामिल हैं। बताया गया कि दोनों बिहार के सीवान से दिल्ली गए थे और वहीं से वापस लौट रहे थे।

घटना के बाद मची अफरा-तफरी

बस पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई यात्री बस के अंदर फंस गए थे, जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बाहर निकाला गया। पुलिस ने मौके पर राहत और बचाव अभियान चलाकर घायलों को अस्पताल भिजवाया।

फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती आशंका बस के अनियंत्रित होने और तेज रफ्तार को लेकर जताई जा रही है।

रायगढ़ में भी हुआ था दर्दनाक हादसा

इससे पहले महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में भी रविवार को बड़ा सड़क हादसा सामने आया था। पोलादपुर-महाबलेश्वर मार्ग पर एक कार गहरी खाई में गिर गई थी, जिसमें आठ लोगों की मौत हो गई थी। हादसे का शिकार हुए लोग दापोली से सातारा जा रहे थे।

 

Related posts