योगी जी कहिन! इलाज कराइए निडर होकर, बिल की चिंता सरकार पर छोड़िए

गौरव त्रिपाठी
गौरव त्रिपाठी

गोरखपुर के गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 150 फरियादियों से सीधे संवाद किया। किसी ने इलाज के लिए मदद मांगी, किसी ने जमीन कब्जे की शिकायत की, तो कुछ लोग प्रशासनिक अड़चनों से परेशान थे।

मुख्यमंत्री का सीधा संदेश था “गंभीर बीमारी है? इलाज शुरू कराइए, पैसों की चिंता सरकार करेगी।”

सरकार के मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से आर्थिक सहायता का भरोसा देते हुए उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि मेडिकल इस्टीमेट की प्रक्रिया तेज़ी से पूरी कर फाइल शासन तक पहुंचाई जाए। मतलब फाइलें अब सिर्फ मेज पर चाय नहीं पीएंगी, आगे भी बढ़ेंगी।

स्वास्थ्य पर फोकस, सिस्टम पर प्रेशर

जनता दर्शन सिर्फ शिकायत सुनने का मंच नहीं रहा, बल्कि एक तरह से प्रशासनिक ऑडिट भी बन गया। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि आर्थिक सहायता के मामलों में देरी बर्दाश्त नहीं होगी।

यानी “इलाज” अब सिर्फ अस्पताल की जिम्मेदारी नहीं, सिस्टम की भी परीक्षा है।

दबंगों के लिए सख्त लाइन

जमीन कब्जाने और दबंगई के मामलों पर मुख्यमंत्री का रुख सख्त दिखा। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि ऐसे मामलों में कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

संदेश साफ है बीमारी पर मदद, बदमाशी पर कार्रवाई।

जनता दर्शन में ‘मानवीय टच’

राजनीति की कठोर भाषा के बीच एक नरम दृश्य भी दिखा। जनता दर्शन में आए बच्चों को मुख्यमंत्री ने आशीर्वाद दिया, चॉकलेट दी और पढ़ाई के लिए प्रेरित किया।

सियासत का मंच कभी-कभी क्लासरूम भी बन जाता है, जहां पाठ होता है उम्मीद का।

राजनीतिक संकेत भी कम नहीं

स्वास्थ्य सहायता की घोषणा केवल राहत नहीं, एक मैसेज भी है। जब विपक्ष अक्सर स्वास्थ्य ढांचे पर सवाल उठाता है, ऐसे में सीधे संवाद और त्वरित मदद का मॉडल सरकार की प्रशासनिक छवि को मजबूत करने की कोशिश भी माना जा सकता है। जनता दर्शन अब सिर्फ मुलाकात नहीं, एक पब्लिक परफॉर्मेंस टेस्ट है, जहां वादे तुरंत नोट किए जाते हैं।

रात 2:30 बजे दुनिया की नींद उड़ेगी! UNSC में जंग पर महासभा

Related posts

Leave a Comment