पत्नी पर मानसिक रूप से परेशान करने और झूठा मुकदमा लिखवाने का आरोप, एसपी से लगाई न्याय की गुहार

उन्नाव।सदर कोतवाली क्षेत्र निवासी संदीप कुमार ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर एसपी से मुलाकात की और अपनी पत्नी के खिलाफ प्रार्थना पत्र देकर निष्पक्ष जांच व उचित कार्रवाई की मांग की। पीड़ित संदीप कुमार का आरोप है कि उनकी पत्नी उन्हें मानसिक रूप से परेशान कर रही है। उन्होंने बताया कि पत्नी के साथ उनका मुकदमा चल रहा है, जिसके चलते वह काफी परेशान हैं। संदीप का दावा है कि उन्होंने अपनी पत्नी को काफी पैसे भी दिए हैं, जिनके साक्ष्य उनके पास मौजूद हैं।


पीड़ित ने आरोप लगाया कि जब पैसे लेने की बात आती है तो उनकी पत्नी उन्हें अपना पति बताती है, जबकि मुकदमा दर्ज कराते समय उन्हें अनजान बताया जाता है। उनका कहना है कि उनके खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज कराया गया है और उनकी कहीं सुनवाई नहीं हो रही है। संदीप के मुताबिक, शिकायत करने के बावजूद उल्टा उनके खिलाफ ही मुकदमे दर्ज हो जाते हैं। संदीप कुमार ने आशंका जताई कि यदि भविष्य में उनके साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसके लिए उनकी पत्नी, पत्नी के पिता और उनके सहयोगी जिम्मेदार होंगे।

इसी को लेकर उन्होंने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की है। फिलहाल, मामले में पीड़ित की ओर से लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पत्नी का पक्ष और पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।

Related posts