पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर की पति की हत्या, बॉक्स में बंद कर हाईवे पर फेंका शव, 3 गिरफ्तार; CCTV फुटेज से खुलासा

उन्नाव। रायबरेली-उन्नाव हाईवे पर बॉक्स में मिले युवक के शव की पुलिस ने खुलासा किया है। मंगलवार को सोनू की हत्या उसकी पत्नी ने पड़ोसी किरायेदार के साथ मिलकर की थी। हत्या के बाद शव को चादर और कंबल में लपेटकर लोहे के बॉक्स में बंद किया गया। फिर पिकअप से लाकर हाईवे किनारे फेंक दिया गया। सोनू (30) की पत्नी नेहा (42) का पड़ोस के रहने वाले जितेंद्र से प्रेम-प्रसंग चल रहा था।

पति सोनू से नेहा की आए दिन इसी बात को लेकर विवाद होता था। जिसको लेकर पत्नी और प्रेमी ने हत्या करने की साजिश रची। मंगलवार को रात 8 बजे हत्या करने के बाद शव बॉक्स में डाल करके पिकअप में लोड करके हाईवे किनारे छोड़ घर आ गए। पुलिस ने बुधवार को सुबह जांच पड़ताल कर नेहा, जितेंद्र (42) और तौहीद (34) को गिरफ्तार किया है, जबकि एक किशोर को हिरासत में लिया गया है।

मामला सदर कोतवाली क्षेत्र का है। मंगलवार रात करीब 10 बजे पुलिस को रायबरेली-उन्नाव हाईवे पर हेल्थ हॉस्पिटल के सामने सड़क किनारे एक संदिग्ध बॉक्स रखे होने की सूचना मिली। पुलिस ने बॉक्स खोला तो उसमें चादर और कंबल में लिपटा खून से लथपथ युवक का शव मिला। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे CCTV की फुटेज खंगाली। इसमें एक छोटा हाथी लोडर गदनखेड़ा की ओर से बॉक्स लेकर आता और कुछ समय बाद बिना बॉक्स के कानपुर की तरफ जाता दिखाई दिया।


पुलिस ने आसपास के मार्गों पर लगे एनपीआर कैमरों की फुटेज की मदद से लोडर का नंबर यूपी 35 एटी 1938 ट्रेस किया। पिकअप राजेश गुप्ता के नाम पर पंजीकृत मिला। इसके बाद पुलिस ने वाहन और उससे जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटाई। जांच में सामने आया कि 20 अक्टूबर को नेहा ने किराये का कमरा खाली करने और सामान दूसरी जगह पहुंचाने के लिए 1,200 रुपए में पिकअप तय किया था।

पुलिस ने नेहा से पूछताछ की तो हत्या की साजिश का खुलासा होने का दावा किया। नेहा ने पड़ोसी किरायेदार जितेंद्र के साथ मिलकर पति की हत्या करने की बात स्वीकार की। शव ठिकाने लगाने में तौहीद और एक किशोर की भूमिका भी सामने आई।

Related posts