राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा आज से, जनसभा से करेंगे चुनावी बिगुल, कोटद्वार में ‘मोहम्मद दीपक’ के जिम पहुंचने का कार्यक्रम

देहरादून: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता Rahul Gandhi गुरुवार से उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। उनके इस दौरे को आगामी चुनावी तैयारियों और संगठनात्मक मजबूती के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दौरे के दौरान वह जनसभा को संबोधित करने के साथ पूर्व सैनिकों से संवाद करेंगे और कांग्रेस नेताओं के साथ रणनीतिक बैठकों में भी हिस्सा लेंगे।

राहुल गांधी का कार्यक्रम दिल्ली से विशेष विमान के जरिए उत्तराखंड पहुंचने से शुरू होगा। वह सबसे पहले अल्मोड़ा में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। कांग्रेस इसे राज्य में चुनावी अभियान की औपचारिक शुरुआत के तौर पर देख रही है। पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं के बीच इस कार्यक्रम को लेकर उत्साह बना हुआ है।

अल्मोड़ा में जनसभा, पौड़ी में पूर्व सैनिकों से संवाद

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राहुल गांधी जनसभा के बाद पौड़ी पहुंचेंगे, जहां वह पूर्व सैनिकों से मुलाकात कर उनके मुद्दों और सुझावों पर चर्चा करेंगे। कांग्रेस नेतृत्व इस संवाद को सैन्य पृष्ठभूमि वाले क्षेत्रों में पार्टी की पहुंच मजबूत करने के प्रयास के रूप में देख रहा है।

दौरे की तैयारियों को अंतिम रूप देने में प्रदेश कांग्रेस संगठन पिछले कई दिनों से जुटा हुआ है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और संगठनात्मक पदाधिकारी विभिन्न कार्यक्रम स्थलों पर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।

कोटद्वार में जिम सदस्यता लेने की चर्चा

राहुल गांधी का कोटद्वार दौरा भी खासा चर्चा में है। कार्यक्रम के अनुसार वह यहां मोहम्मद दीपक से मुलाकात कर सकते हैं। साथ ही उनके जिम की सदस्यता लेने की संभावना भी जताई जा रही है। इस कार्यक्रम को लेकर स्थानीय स्तर पर भी उत्सुकता बनी हुई है।

मसूरी में रात्रि विश्राम, देहरादून में होगी अहम बैठक

कोटद्वार के कार्यक्रमों के बाद राहुल गांधी मसूरी में रात्रि विश्राम करेंगे। अगले दिन वह देहरादून पहुंचकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, विधायकों, पूर्व विधायकों और विभिन्न आनुषांगिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे।

बैठक में संगठन विस्तार, चुनावी रणनीति और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर चर्चा होने की संभावना है। पार्टी सूत्रों के अनुसार राहुल गांधी नेताओं को चुनावी तैयारियों को लेकर दिशा-निर्देश भी दे सकते हैं।

बैठक समाप्त होने के बाद राहुल गांधी दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। कांग्रेस संगठन इस दौरे को राज्य में पार्टी की सक्रियता बढ़ाने और आगामी चुनावों की तैयारियों को गति देने की दिशा में अहम कदम मान रहा है।

 

Related posts