बाराबंकी दौरे पर CM योगी ने सबसे पहले किए भगवान लोधेश्वर के दर्शन, रुद्राभिषेक के बाद 542 करोड़ की परियोजनाओं की दी सौगात

बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को बाराबंकी दौरे पर पहुंचे। हेलीपैड पर उतरने के बाद वह सीधे श्री लोधेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान के साथ रुद्राभिषेक और पूजा-अर्चना की। इसके बाद मुख्यमंत्री ने जिले के लिए 542.41 करोड़ रुपये की 82 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया तथा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को भी लाभ वितरित किया।

भगवान लोधेश्वर का किया विधिवत पूजन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्री लोधेश्वर महादेव मंदिर में पूरे विधि-विधान के साथ रुद्राभिषेक किया। पूजा के दौरान उन्होंने धार्मिक परंपराओं का पालन करते हुए भगवान विष्णु को वस्त्र अर्पित करने से पहले सुगंध अर्पित कर निर्धारित क्रम का पालन किया। इस दौरान राज्यमंत्री सतीश शर्मा सहित जिले के भाजपा नेता भी मौजूद रहे।

महादेव कॉरिडोर की रखी आधारशिला

मुख्यमंत्री ने श्री लोधेश्वर महादेव धाम में प्रस्तावित मंदिर कॉरिडोर की आधारशिला रखी। इसके बाद उन्होंने निर्माणाधीन कॉरिडोर का निरीक्षण किया और श्रावण मास मेले की तैयारियों के साथ श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक भी की।

542.41 करोड़ की 82 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास

बाराबंकी दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने रामनगर और दरियाबाद विधानसभा क्षेत्रों की कुल 82 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 56 परियोजनाओं का शिलान्यास लगभग 409.09 करोड़ रुपये और 28 परियोजनाओं का लोकार्पण लगभग 133.31 करोड़ रुपये की लागत से किया गया।

रामनगर और दरियाबाद को मिला विकास का तोहफा

दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र में लगभग 260.12 करोड़ रुपये की लागत से 46 परियोजनाएं शामिल हैं, जिनमें 34 शिलान्यास और 12 लोकार्पण किए गए। वहीं रामनगर विधानसभा क्षेत्र में लगभग 282.28 करोड़ रुपये की लागत वाली 36 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। मुख्यमंत्री ने इन विकास कार्यों को जनसामान्य को समर्पित करते हुए विकास को सरकार की प्राथमिकता बताया।

 

Related posts