
महोबा के एक शांत रिहायशी इलाके में 65 साल की एक पैरालिसिस से पीड़ित महिला बिस्तर तक सीमित थीं। चल नहीं सकती थीं, उठ नहीं सकती थीं मतलब खुद की रक्षा तो बिल्कुल नहीं कर सकती थीं। देखभाल के लिए घर में एक नौकरानी रखी गई थी। भरोसे की नौकरी। लेकिन यही भरोसा सबसे बड़ा हथियार बन गया।
घटना की रात पति घर से बाहर थे। लौटे तो देखा पत्नी खून से लथपथ, बेड पर निर्जीव पड़ी थीं। घर में सन्नाटा था, लेकिन दीवारें चीख रही थीं।
एक टूटी चूड़ी… और पूरा खेल पलट गया
शुरुआत में मामला क्लियर नहीं था। लूट? पुरानी रंजिश? या कोई बाहरी घुसपैठ? लेकिन घटनास्थल से मिला कांच की चूड़ी का छोटा-सा टुकड़ा। सामान्य दिखने वाला वो टुकड़ा असल में केस का “टर्निंग पॉइंट” था। जब पुलिस ने घर में काम करने वाली नौकरानी के हाथों की चूड़ियों की जांच की तो टूटे हुए टुकड़े का मैच वहीं बैठ गया। कहानी यहीं से पलटी।
CCTV और सख्ती ने खुलवाया राज
इसके बाद पुलिस ने CCTV फुटेज खंगाली। मूवमेंट संदिग्ध दिखा। सख्त पूछताछ हुई। पहले इंकार। फिर टूटना। और आखिरकार कबूलनामा। पुलिस के अनुसार नौकरानी अपनी मालकिन से नाराज रहती थी। डांट-फटकार, काम का दबाव गुस्सा धीरे-धीरे नफरत में बदल गया। और फिर मां-बेटे ने मिलकर साजिश रची।
तकिये से दबाया मुंह… और बना दिया लूट का ड्रामा
घटना की रात, जब बुजुर्ग महिला अकेली और असहाय थीं, मां-बेटे ने तकिये से उनका मुंह दबाकर हत्या कर दी। बाद में घर को अस्त-व्यस्त कर लूट जैसा माहौल बनाया गया ताकि शक बाहर की तरफ जाए। लेकिन अपराधी अक्सर एक गलती कर बैठते हैं। यहां वह गलती थी टूटी चूड़ी और तकिये पर लगी बिंदी का निशान।
हमारे समाज में CCTV कैमरे तो लग गए हैं, लेकिन चरित्र का “इंटरनल कैमरा” कब लगेगा? जिसे घर की चाबी दी, उसी ने घर की सांसें छीन लीं।

पुलिस ने नौकरानी और उसके बेटे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। हत्या समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। लेकिन सवाल सिर्फ कानूनी नहीं है सवाल है भरोसे का।
क्या घरेलू सहायकों का वेरिफिकेशन ठीक से हो रहा है? क्या बुजुर्गों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त इंतजाम जरूरी नहीं?
हत्या सिर्फ गुस्से से नहीं होती
यह मामला सिर्फ एक क्राइम स्टोरी नहीं यह घर के भीतर पनपती खामोश नाराजगी का नतीजा है। और हां, कभी-कभी एक कांच का टुकड़ा पूरी साजिश चकनाचूर कर देता है।
खामेनेई की मौत पर प्रदर्शन: Lucknow में सड़कों पर उतरा शिया समुदाय
