लखनऊ: समाजवादी पार्टी के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के दूसरे बेटे तथा भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव पंचतत्व में विलीन हो गए। राजधानी लखनऊ स्थित बैकुंठ धाम श्मशान घाट पर गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। प्रतीक यादव के ससुर अरविंद सिंह बिष्ट ने उन्हें मुखाग्नि दी। इस दौरान पूरा यादव परिवार पुराने मतभेद भुलाकर एक साथ नजर आया, जिसकी तस्वीरों ने सभी को भावुक कर दिया।
अंतिम संस्कार के दौरान समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव, शिवपाल सिंह यादव, धर्मेंद्र यादव और आदित्य यादव समेत परिवार के कई सदस्य मौजूद रहे। भाजपा नेता और राज्यसभा सांसद अपर्णा यादव अपनी दोनों बेटियों के साथ अंतिम यात्रा में शामिल रहीं। परिवार के सदस्यों की भावुक मौजूदगी ने माहौल को और अधिक गमगीन बना दिया।
अंतिम यात्रा में उमड़ी समर्थकों की भारी भीड़
प्रतीक यादव के निधन की खबर सामने आते ही राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई। उनके पार्थिव शरीर को आवास से अंतिम संस्कार के लिए बैकुंठ धाम ले जाया गया, जहां बड़ी संख्या में समर्थक, रिश्तेदार और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता पहुंचे।
अंतिम यात्रा के दौरान धर्मेंद्र यादव और आदित्य यादव ने पार्थिव शरीर को कंधा दिया। शव वाहन में अपर्णा यादव अपनी दोनों बेटियों के साथ मौजूद रहीं। समर्थकों की भारी भीड़ ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।
डिंपल यादव समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
समाजवादी पार्टी सांसद डिंपल यादव ने भी प्रतीक यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान वह परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भावुक नजर आईं। बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और शुभचिंतक भी श्रद्धांजलि देने पहुंचे और परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी इस दुखद घटना पर गहरा शोक जताया। कई नेताओं ने इसे यादव परिवार और उत्तर प्रदेश की राजनीति के लिए बड़ी क्षति बताया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट को लेकर उठे सवाल, जांच की मांग
इस बीच समाजवादी पार्टी के सांसद सिंह पटेल ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए मामले की गहन जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चोट के निशान मिलने की बात सामने आई है, जिससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रकार की साजिश या संदिग्ध परिस्थिति सामने आती है, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। पोस्टमार्टम में पुराने चोट के तीन निशानों का उल्लेख गंभीर चिंता का विषय है और इसकी निष्पक्ष जांच जरूरी है।
‘पूरा परिवार गहरे सदमे में है’
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने भी प्रतीक यादव के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि परिवार इस समय गहरे शोक में डूबा हुआ है और प्रतीक का इस तरह अचानक चले जाना बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि कम उम्र में किसी का निधन होना बेहद दुखद और हृदयविदारक है। ईश्वर परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करे।
