वॉशिंगटन: अमेरिका में संचार व्यवस्था में आई तकनीकी गड़बड़ी ने हवाई यातायात को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। संघीय विमानन प्रशासन (FAA) ने शुक्रवार को एहतियातन पूरे देश में विमानों के प्रस्थान पर रोक लगा दी। 11 सितंबर 2001 के आतंकी हमलों के बाद यह दूसरी बार था, जब अमेरिका में इस तरह का राष्ट्रव्यापी हवाई प्रतिबंध लगाया गया। इस फैसले से हजारों उड़ानों का कार्यक्रम बिगड़ गया और एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में यात्री फंस गए। बाद में प्रतिबंध हटाए जाने के बाद उड़ानों का संचालन दोबारा शुरू करने की अनुमति दी गई।
9/11 के बाद दूसरी बार क्यों लगा राष्ट्रव्यापी प्रतिबंध?
अमेरिका में इससे पहले जनवरी 2023 में FAA की एक अहम कंप्यूटर प्रणाली में खराबी आने के कारण देशभर में उड़ानों पर रोक लगानी पड़ी थी। वहीं, 11 सितंबर 2001 के हमलों के बाद यह दूसरा मौका था, जब पूरे देश के हवाई यातायात पर इस तरह का प्रतिबंध लगाया गया।
अधिकारियों के मुताबिक, इस बार क्षेत्रीय एयर ट्रैफिक कंट्रोल केंद्रों में संचार व्यवस्था प्रभावित होने के कारण यह कदम उठाया गया। देश के शीर्ष सुरक्षा अधिकारियों ने दूरसंचार सेवा में आई रुकावट को इसकी वजह बताया। शुरुआती जांच में किसी साइबर हमले के संकेत नहीं मिले।
22 एयर ट्रैफिक कंट्रोल सेंटरों पर पड़ा असर
परिवहन सचिव शॉन डफी ने बताया कि FAA देशभर के 22 क्षेत्रीय एयर ट्रैफिक कंट्रोल केंद्रों को प्रभावित करने वाली संचार समस्या की जांच कर रहा था। ये केंद्र विभिन्न हवाई अड्डों के बीच उड़ान भरने वाले विमानों को दिशा-निर्देश देने और उनके सुरक्षित संचालन में अहम भूमिका निभाते हैं।
FAA के नोटिस में कहा गया कि असाधारण परिस्थितियों और सुरक्षा संबंधी चिंताओं को देखते हुए उड़ानों पर पाबंदी लगाई गई थी। वहीं, होमलैंड सिक्योरिटी सेक्रेटरी मार्कवेन मुलिन ने कहा कि अभी तक ऐसा कोई संकेत नहीं मिला है कि यह घटना किसी खतरनाक साइबर हमले का नतीजा थी। फिलहाल इसे दूरसंचार सेवा में आई तकनीकी रुकावट माना जा रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को उनकी परिस्थितियों के आधार पर अलग-अलग संभाला जा रहा था। शुक्रवार शाम कुछ विमानों ने दोबारा उड़ान भरनी भी शुरू कर दी थी। अलास्का एयरलाइंस के मुताबिक, अलास्का और हवाई के भीतर संचालित उसकी कुछ उड़ानें इस व्यवधान से प्रभावित नहीं हुईं।
827 विमानों का बदला रास्ता, कई एयरपोर्ट पर फंसे यात्री
हवाई प्रतिबंध का असर बड़े पैमाने पर देखने को मिला। एविएशन एनालिटिक्स कंपनी सिरियम के आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार शाम 7:05 बजे (अमेरिकी पूर्वी समय) तक कम से कम 827 उड़ानों का मार्ग बदलना पड़ा। इनमें 670 विमानों को वापस उनके शुरुआती हवाई अड्डे पर भेजा गया, जबकि 157 विमानों को दूसरे हवाई अड्डों की ओर मोड़ दिया गया।
जिन प्रमुख हवाई अड्डों पर बड़ी संख्या में विमानों को डायवर्ट किया गया, उनमें वॉशिंगटन डलेस इंटरनेशनल एयरपोर्ट, लॉस एंजिल्स इंटरनेशनल एयरपोर्ट, सिनसिनाटी/नॉर्दर्न केंटकी इंटरनेशनल एयरपोर्ट और नैशविले इंटरनेशनल एयरपोर्ट शामिल थे।
शुक्रवार शाम 4 बजे के बाद अमेरिकी हवाई अड्डों से करीब 11 हजार उड़ानों के रवाना होने का कार्यक्रम था। इन विमानों में 15 लाख से अधिक यात्रियों के सफर करने की संभावना थी। ऐसे में उड़ानों में देरी और रद्दीकरण का दायरा बढ़ने की आशंका जताई गई।
रनवे पर पहुंचकर रुक गई फ्लाइट, यात्रियों में नाराजगी
इस अचानक पैदा हुए संकट से यात्रियों की परेशानी भी बढ़ गई। वॉशिंगटन के वकील जेफ डबनर ने बताया कि लॉस एंजिल्स से लौटते समय उनकी अलास्का एयरलाइंस की उड़ान पहले ही करीब आधे घंटे की देरी से चल रही थी। विमान रनवे की ओर बढ़ रहा था, तभी उसे अचानक रोक दिया गया।
उन्होंने इस स्थिति को बेहद परेशान करने वाला बताया और कहा कि यह सामान्य देरी जैसी नहीं लग रही थी। यात्रियों को यह समझ नहीं आ रहा था कि आखिर उड़ानों का संचालन क्यों रोक दिया गया है।
शिकागो के ओ’हेयर एयरपोर्ट पर भी यात्रियों को उस समय इस प्रतिबंध की जानकारी मिली, जब वे सुरक्षा जांच से गुजर रहे थे और उन्होंने हवाई अड्डे की स्क्रीन पर सभी उड़ानों को देरी से चलते देखा।
कार्गो सेवाएं भी प्रभावित, FedEx ने तैयार रखी आकस्मिक योजना
हवाई यातायात पर लगी रोक का असर केवल यात्री विमानों तक सीमित नहीं रहा। मालवाहक उड़ानों के संचालन में भी देरी हुई। दुनिया की सबसे बड़ी कार्गो एयरलाइन फेडएक्स ने कहा कि संभावित व्यवधान को कम करने के लिए उसकी आकस्मिक योजनाएं तैयार हैं और जरूरत पड़ने पर उन्हें लागू किया जाएगा।
इंडस्ट्री ट्रेड ग्रुप एयरलाइंस फॉर अमेरिका के मुताबिक, अमेरिकी एयरलाइंस प्रतिदिन 220 से अधिक देशों में लगभग 61 हजार टन सामान का परिवहन करती हैं। इसमें डाक से लेकर विभिन्न तरह के पार्सल और व्यावसायिक सामान शामिल हैं।
वहीं, यूनाइटेड एयरलाइंस और अमेरिकन एयरलाइंस ने स्पष्ट किया कि जो विमान पहले से आसमान में थे, वे अपनी यात्रा जारी रखेंगे। हालांकि, उड़ानों पर लगी रोक और उसके बाद परिचालन को दोबारा व्यवस्थित करने की चुनौती के चलते हवाई यातायात पर इसका असर काफी व्यापक रहा।
