लखनऊ के खिलाड़ियों को बड़ी सौगात, 3 महीने में बदल जाएगी KD सिंह बाबू और चौक स्टेडियम की तस्वीर, 6.17 करोड़ की परियोजना को मंजूरी

लखनऊ: राजधानी लखनऊ के खिलाड़ियों को जल्द ही आधुनिक खेल सुविधाओं का लाभ मिलने वाला है। केडी सिंह बाबू स्टेडियम और चौक स्टेडियम में खेल अवसंरचना को उन्नत करने का काम अगले तीन महीने में पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है। परियोजना के तहत दोनों स्टेडियमों में नवीनीकरण के साथ नई खेल सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। इसके लिए कुल 6.17 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है।

शुक्रवार को खेल सचिव सुहास एलवाई ने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कार्य पूरे करने और निर्माण गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न करने के निर्देश दिए।

केडी सिंह बाबू स्टेडियम में होगा बैडमिंटन हॉल का आधुनिकीकरण

परियोजना के तहत केडी सिंह बाबू स्टेडियम के बैडमिंटन हॉल का व्यापक नवीनीकरण कराया जाएगा। इसके लिए 13 जुलाई को 1 करोड़ 85 लाख 43 हजार रुपये जारी किए जा चुके हैं। इस राशि से बैडमिंटन हॉल का आधुनिकीकरण, विद्युत व्यवस्था, प्लंबिंग और अन्य आवश्यक निर्माण कार्य कराए जाएंगे, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं मिल सकें।

चौक स्टेडियम में बनेंगे नया जिम और बास्केटबॉल कोर्ट

चौक स्टेडियम में भी बड़े स्तर पर विकास कार्य प्रस्तावित हैं। यहां मौजूदा बैडमिंटन हॉल और बास्केटबॉल कोर्ट का नवीनीकरण किया जाएगा। इसके अलावा खिलाड़ियों के लिए नया जिम और नया बास्केटबॉल कोर्ट भी तैयार किया जाएगा, जिससे प्रशिक्षण सुविधाओं का विस्तार होगा।

6.17 करोड़ रुपये की परियोजना को मिली मंजूरी

दोनों स्टेडियमों के विकास कार्यों के लिए कुल 6 करोड़ 17 लाख 13 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। परियोजना की पहली किस्त के रूप में 3 करोड़ 8 लाख 56 हजार रुपये जारी किए जा रहे हैं। खेल सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दोनों परियोजनाओं में तय समयसीमा का पूरी सख्ती से पालन किया जाए, ताकि निर्धारित अवधि में सभी कार्य पूरे हो सकें।

आधुनिक खेल सुविधाओं पर सरकार का फोकस

समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश सरकार खेल अवसंरचना को आधुनिक बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। स्टेडियमों में बेहतर सुविधाएं विकसित होने से खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण और अभ्यास का अनुकूल वातावरण मिलेगा। इससे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए उनकी तैयारियों को भी मजबूती मिलेगी।

 

Related posts