लखनऊ: केंद्र सरकार की ओर से परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद उत्तर प्रदेश में संभावित राजनीतिक बदलावों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। प्रस्तावित व्यवस्था लागू होने पर यूपी में लोकसभा सीटों की संख्या 80 से बढ़कर 120 तक पहुंच सकती है, जबकि विधानसभा सीटें 604 या 605 होने का अनुमान है। इसके साथ ही निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं नए सिरे से तय होंगी और महिलाओं के लिए 33 फीसदी सीटें आरक्षित करने का प्रावधान भी लागू हो सकता है।
राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, परिसीमन की प्रक्रिया प्रदेश के चुनावी समीकरणों को व्यापक रूप से प्रभावित कर सकती है। विधानसभा और लोकसभा क्षेत्रों का भौगोलिक स्वरूप बदलने के साथ उनमें शामिल आबादी, जातीय समीकरण और शहरी-ग्रामीण संतुलन भी बदल सकता है। इससे कई सीटों पर राजनीतिक दलों की रणनीति और चुनावी संभावनाएं प्रभावित होंगी।
लोकसभा और विधानसभा सीटों में 50 फीसदी तक बढ़ोतरी का प्रस्ताव
सूत्रों के मुताबिक, प्रस्तावित विधेयक में राज्यों की लोकसभा और विधानसभा सीटों की संख्या में 50 फीसदी तक वृद्धि का प्रावधान है। इसके लागू होने पर उत्तर प्रदेश में लोकसभा सीटें बढ़कर 120 और विधानसभा सीटें 604 या 605 तक हो सकती हैं।
नई सीटों का गठन मौजूदा निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्गठन के जरिए किया जाएगा। पुराने क्षेत्रों के कुछ हिस्सों को अलग कर नए निर्वाचन क्षेत्रों में शामिल किया जा सकता है। ऐसे में किसी क्षेत्र में जातीय, धार्मिक और सामाजिक आबादी का संतुलन बदलने से चुनावी परिणामों पर भी असर पड़ने की संभावना है।
परिसीमन से पहले भी बदलता रहा है चुनावी गणित
उत्तर प्रदेश में परिसीमन के दौरान निर्वाचन क्षेत्रों के स्वरूप में बदलाव का असर पहले भी चुनावों पर पड़ता रहा है। पूर्व मंत्री शतरुद्र प्रकाश ने पूर्व मुख्यमंत्री कमलापति त्रिपाठी की विधानसभा सीट रहे चंदौली का उदाहरण देते हुए बताया कि 1967 में चुनाव हारने के बाद परिसीमन के दौरान इस क्षेत्र को अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित कर दिया गया था। उस समय क्षेत्र में अनुसूचित जाति की आबादी के अनुपात में बदलाव को इसका आधार माना गया।
यूपी कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अजय राय भी निर्वाचन क्षेत्रों के बदलाव का उदाहरण देते हैं। वह जिस कोलासला विधानसभा सीट से पहली बार विधायक बने थे, उसका नाम 2012 के चुनाव में बदलकर पिंडरा हो गया। उनके मुताबिक, इस सीट की सीमाओं में बहुत ज्यादा बदलाव नहीं हुआ, लेकिन वाराणसी कैंट क्षेत्र का स्वरूप काफी बदल गया। शहरी और ग्रामीण आबादी के चुनावी मुद्दे अलग होते हैं और क्षेत्र के शहरी स्वरूप में बदलाव का राजनीतिक असर भी पड़ सकता है।
पूर्व एमएलसी दीपक सिंह के मुताबिक, जगदीशपुर विधानसभा क्षेत्र के परिसीमन में जामो ब्लॉक को हटाकर बल्दीराय को जोड़ा गया था। उनके अनुसार, इस बदलाव से कांग्रेस को चुनावी नुकसान हुआ।
महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण, आरक्षित सीटों का भी बदलेगा स्वरूप
प्रस्तावित परिसीमन के तहत कुल सीटों में 33 फीसदी महिलाओं के लिए आरक्षित किए जाने की व्यवस्था हो सकती है। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटों में भी महिला आरक्षण लागू होगा। इससे राजनीतिक दलों को महिला उम्मीदवारों को अधिक संख्या में चुनावी मैदान में उतारना होगा।
उत्तर प्रदेश विधानसभा में फिलहाल महिला विधायकों की संख्या अपेक्षाकृत कम है। 2022 के विधानसभा चुनाव में 47 महिलाएं विधायक चुनी गई थीं, जो कुल विधानसभा सदस्यों का करीब 11.7 फीसदी थीं।
परिसीमन के बाद आरक्षित सीटों का भी नए सिरे से निर्धारण होगा। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति की आबादी के आधार पर सीटों का चिह्नांकन किया जाएगा।
यूपी में एससी आरक्षित लोकसभा सीटें 17 से बढ़कर 25 हो सकती हैं
उत्तर प्रदेश में फिलहाल 80 लोकसभा सीटें हैं, जिनमें 17 अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं। परिसीमन के बाद इनकी संख्या बढ़कर करीब 25 होने की संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा प्रदेश को पहली बार अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित लोकसभा सीट मिलने की संभावना भी बताई जा रही है।
विधानसभा स्तर पर फिलहाल 403 सीटें हैं, जिनमें 84 अनुसूचित जाति और दो अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं। सीटों की संख्या बढ़कर 604 या 605 होने पर आरक्षित सीटों का भी नए सिरे से निर्धारण किया जाएगा। अनुमान के मुताबिक, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए कुल 127 से 128 विधानसभा सीटें आरक्षित हो सकती हैं।
120 सांसदों वाला यूपी, कई राज्यों की विधानसभा से भी बड़ा आंकड़ा
यदि उत्तर प्रदेश में लोकसभा सीटों की संख्या 120 तक पहुंचती है, तो यह संख्या देश के कई राज्यों की कुल विधानसभा सीटों से भी अधिक होगी। फिलहाल उत्तराखंड में 70, हिमाचल प्रदेश में 68, अरुणाचल प्रदेश में 60, मणिपुर में 60, मेघालय में 60, नागालैंड में 60, त्रिपुरा में 60, गोवा में 40, मिजोरम में 40 और सिक्किम में 32 विधानसभा सीटें हैं।
वहीं, छत्तीसगढ़ में 90, हरियाणा में 90 और झारखंड में 81 विधानसभा सीटें हैं। प्रस्तावित 50 फीसदी वृद्धि के बाद इन राज्यों की विधानसभा सीटों की संख्या भी 120 से अधिक हो सकती है।
यूपी विधानसभा और लोकसभा का चुनावी इतिहास
उत्तर प्रदेश में विधानसभा और लोकसभा सीटों की संख्या समय-समय पर परिसीमन और राज्य पुनर्गठन के कारण बदलती रही है।
- 1951-52: उत्तर प्रदेश में पहले विधानसभा चुनाव के दौरान 430 विधायक चुने गए थे।
- 1967: परिसीमन के बाद विधानसभा सीटों की संख्या घटकर 425 रह गई।
- उत्तराखंड गठन: उत्तराखंड के अलग राज्य बनने के बाद यूपी विधानसभा की सीटें 403 हो गईं, जो फिलहाल कायम हैं।
उत्तर प्रदेश का संसदीय इतिहास
- 1951: पहले लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश से 86 सांसद चुने गए थे। उस समय 69 लोकसभा क्षेत्र थे, जिनमें 17 ऐसे क्षेत्र थे जहां से दो सांसद चुने जाते थे।
- 1967: परिसीमन के बाद लोकसभा सीटों की संख्या 85 रह गई।
- उत्तराखंड गठन: उत्तराखंड के अलग होने के बाद उत्तर प्रदेश में लोकसभा सीटों की संख्या घटकर 80 हो गई।
