लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। 23 नवंबर को प्रदेश के 21 जिलों में घने से बहुत घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, कोहरे के कारण सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हो सकता है। सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ सकता है। मौसम विभाग ने वाहन चालकों को फॉग लाइट का इस्तेमाल करने और सावधानी से सफर करने की सलाह दी है।
पूर्वांचल के 21 जिलों में घने कोहरे की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 23 नवंबर को घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। जिन जिलों के लिए चेतावनी जारी की गई है, उनमें सिद्धार्थनगर, महराजगंज, कुशीनगर, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सुल्तानपुर, आजमगढ़, देवरिया, बलिया, मऊ, गाजीपुर, चंदौली, सोनभद्र, मिर्जापुर, वाराणसी, प्रयागराज और जौनपुर शामिल हैं।
कोहरे के कारण सुबह और रात के समय दृश्यता कम हो सकती है। इससे सड़क पर सफर करने वाले लोगों के साथ रेल और विमान यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग ने यात्रियों को सफर से पहले रेलवे, विमानन कंपनियों और परिवहन सेवाओं से समय-सारिणी की जानकारी लेने की सलाह दी है।
लखनऊ में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी लखनऊ में सुबह हल्का कोहरा रहने के बाद आसमान साफ होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, शहर का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
चक्रवात अकवान के असर से बदला मौसम
इससे पहले चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के प्रभाव से शनिवार को प्रदेश के कई इलाकों में बादल छाए रहे। कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी भी हुई। इस दौरान 12 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। मौसम में आए बदलाव के चलते दिन के तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे ठंड का एहसास बढ़ गया।
शनिवार को सूर्योदय के समय से ही आसमान में बादल छाए रहे। सुबह करीब 11 बजे तक धूप और छांव का सिलसिला चलता रहा, इसके बाद बादल घने हो गए। तेज हवाओं के कारण वातावरण में ठंडक महसूस की गई। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार और सोमवार को घना कोहरा छाने की संभावना है। वहीं, 25 नवंबर से न्यूनतम तापमान में भी गिरावट के संकेत हैं।
कोहरे की आशंका में रेलवे ने आठ ट्रेनें कीं निरस्त
आगामी दिसंबर और जनवरी में कोहरे की आशंका को देखते हुए रेलवे ने भी तैयारी शुरू कर दी है। पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने 15 दिसंबर से 15 फरवरी तक कम यात्री संख्या वाली आठ ट्रेनों को निरस्त करने का फैसला किया है। इसके अलावा 24 ट्रेनों के फेरों में भी कटौती की गई है।
सुरक्षित रेल संचालन के लिए लोको पायलटों को जीपीएस आधारित उन्नत फॉग सेफ्टी डिवाइस उपलब्ध कराए गए हैं। वहीं, रेलवे ट्रैक की सुरक्षा के लिए ट्रैकमैन और अधिकारियों की ओर से रात में विशेष पेट्रोलिंग की जा रही है। कोहरे के दौरान ट्रेनों के सुरक्षित संचालन और संभावित हादसों को रोकने के लिए रेलवे ने सतर्कता बढ़ा दी है।
