नई दिल्ली: भारत सरकार ने विदेशी नागरिकों के लिए वीजा प्रक्रिया को आसान बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। नए बदलावों के तहत वीजा की श्रेणियों और आवेदन प्रक्रिया को पहले के मुकाबले काफी सरल किया गया है। अब मुख्य वीजा श्रेणियों की संख्या 13 से घटाकर 9 और उप-श्रेणियों की संख्या 49 से कम करके 23 कर दी गई है। इसके साथ ही वीजा आवेदन फॉर्म में भरे जाने वाले कॉलम भी करीब 70 फीसदी तक घटा दिए गए हैं। सरकार के इस फैसले से भारत आने वाले पर्यटकों, कारोबारियों और चिकित्सा के लिए आने वाले विदेशी नागरिकों को राहत मिलने की उम्मीद है। इन बदलावों को 2026 के अंत तक पूरी तरह लागू किए जाने की संभावना है।
क्या है सरकार के फैसले का मकसद?
गृह मंत्रालय ने बुधवार को जारी बयान में बताया कि वीजा व्यवस्था में किए गए सुधारों का उद्देश्य पूरी प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित, सरल और एकरूप बनाना है। सरकार चाहती है कि भारत आने वाले विदेशी नागरिकों को उनकी यात्रा के उद्देश्य के हिसाब से सही वीजा श्रेणी चुनने में परेशानी न हो।
मंत्रालय के मुताबिक, भारतीय वीजा प्रणाली को बेहतर बनाने के लिए विकसित देशों की वीजा व्यवस्थाओं और अंतरराष्ट्रीय मानकों का भी अध्ययन किया गया है। इसके बाद समान उद्देश्यों वाली कई वीजा श्रेणियों को मिलाकर उनकी संख्या कम करने का फैसला लिया गया। इससे वैध तरीके से भारत आने वाले विदेशी नागरिकों के लिए आवेदन प्रक्रिया अधिक सुविधाजनक और स्पष्ट हो सकेगी।
टूरिस्ट वीजा की जगह अब मिलेगा विजिटर वीजा
वीजा व्यवस्था में सबसे अहम बदलाव टूरिस्ट वीजा के नाम को लेकर किया गया है। अब इसे टूरिस्ट वीजा के बजाय विजिटर वीजा कहा जाएगा। इस नई श्रेणी में केवल पर्यटन ही नहीं, बल्कि कारोबारी बैठकों, चिकित्सा परामर्श और यात्रा के कुछ अन्य उद्देश्यों को भी शामिल किया गया है।
गृह मंत्रालय के अनुसार, विजिटर वीजा को दो उप-श्रेणियों में बांटा गया है। पहली श्रेणी वीजा-1 होगी, जो 30 दिनों की अवधि के लिए जारी की जाएगी। इसमें विदेशी नागरिकों को इस अवधि के दौरान कई बार भारत आने और जाने की अनुमति होगी।
वहीं, दूसरी श्रेणी वीजा-2 की होगी। इसके तहत पात्र विदेशी नागरिकों को एक साल से लेकर 10 साल तक की अवधि के लिए वीजा दिया जा सकेगा। इस व्यवस्था से कम अवधि और लंबी अवधि के लिए भारत आने वाले लोगों को उनकी जरूरत के अनुसार विकल्प मिल सकेंगे।
मेडिकल और छात्र वीजा में भी किए गए बदलाव
नई व्यवस्था में चिकित्सा वीजा के प्रावधानों को भी बरकरार रखा गया है। पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों और आयुष चिकित्सा के तहत इलाज कराने भारत आने वाले विदेशी नागरिकों के लिए अलग-अलग प्रावधान पहले की तरह मौजूद रहेंगे।
इसके अलावा छात्र वीजा की श्रेणियों को भी सरल बनाया गया है। पहले की कई उप-श्रेणियों को समेटकर अब दो व्यापक श्रेणियों में रखा गया है। इससे पढ़ाई के लिए भारत आने वाले विदेशी विद्यार्थियों के लिए वीजा प्रक्रिया को समझना और आवेदन करना आसान हो सकेगा।
बिजनेस वीजा को बी-1 और बी-2 श्रेणियों में बांटा
कारोबार के सिलसिले में भारत आने वाले विदेशी नागरिकों के लिए भी वीजा व्यवस्था में बदलाव किया गया है। बिजनेस वीजा को अब बी-1 और बी-2 नाम की दो उप-श्रेणियों में विभाजित किया गया है।
बी-1 वीजा के तहत लाइसेंस के आधार पर लंबे समय तक की जाने वाली कारोबारी गतिविधियों को शामिल किया गया है। इसमें ऐसे विदेशी नागरिक भी आएंगे, जो भारत में औद्योगिक या कारोबारी उपक्रम स्थापित करना चाहते हैं। सरकार का मानना है कि नई व्यवस्था से अलग-अलग व्यावसायिक गतिविधियों के लिए उपयुक्त वीजा श्रेणी तय करना आसान होगा।
