व्हाइट हाउस के पास तीन हथियारों के साथ पकड़ा गया वेनेजुएला का युवक, बोला- दिमाग में आवाजें आईं, ट्रंप को मारने वाशिंगटन पहुंचा

नई दिल्ली: अमेरिकी राजधानी वाशिंगटन में व्हाइट हाउस के नजदीक हथियारों से लैस एक संदिग्ध की गिरफ्तारी के बाद हड़कंप मच गया है। अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने गुरुवार देर रात राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आवास के पास एक चोरी की पिकअप गाड़ी से 26 वर्षीय वेनेजुएला के नागरिक को पकड़ा। तलाशी के दौरान वाहन से तीन हथियार और बड़ी मात्रा में कारतूस बरामद हुए। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, संदिग्ध ने पूछताछ में दावा किया कि उसके दिमाग में आवाजें आ रही थीं, जो उसे वाशिंगटन जाकर राष्ट्रपति ट्रंप की हत्या करने के लिए कह रही थीं। हालांकि, यह दावा आपराधिक शिकायत में दर्ज हलफनामे का हिस्सा नहीं है।

आधी रात से पहले व्हाइट हाउस के पास संदिग्ध गाड़ी पर पड़ी नजर

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार रात करीब आधी रात से पहले कॉन्स्टिट्यूशन एवेन्यू पर गश्त कर रहे सीक्रेट सर्विस के एक अधिकारी को व्हाइट हाउस परिसर के नजदीक नीले रंग की फोर्ड एफ-150 पिकअप खड़ी दिखाई दी। गाड़ी संदिग्ध लगने पर अधिकारी उसके पास पहुंचे और अंदर बैठे व्यक्ति से बातचीत शुरू की।

अधिकारी ने उससे पूछा कि क्या वह ठीक है और क्या उसके पास कोई हथियार है। अदालत में दर्ज आपराधिक शिकायत के अनुसार, संदिग्ध ने हथियार होने की बात सिर हिलाकर स्वीकार की और उंगलियों से बंदूक का इशारा किया। इसके बाद वह वाहन से बाहर आया और जांचकर्ताओं से बातचीत के लिए गूगल ट्रांसलेट का इस्तेमाल किया।

गाड़ी से MAC-10, ग्लॉक पिस्टल और AR-15 राइफल बरामद

जांचकर्ताओं ने पिकअप की तलाशी ली तो उसमें से तीन हथियार मिले। इनमें एक MAC-10 मशीन पिस्टल, एक ग्लॉक 43x पिस्टल और एक AR-15 राइफल शामिल है। इसके अलावा वाहन से दर्जनों कारतूस भी बरामद किए गए।

जांच में पता चला कि पिकअप दक्षिण कैरोलिना से चोरी की गई थी। इसकी चोरी की शिकायत भी दर्ज कराई गई थी। पूछताछ के दौरान संदिग्ध ने कथित तौर पर अधिकारियों को बताया कि उसके पास मौजूद बंदूक से किसी ने उसे मारने की कोशिश की थी और उसने हमलावर से वह हथियार छीन लिया था। उसने जांचकर्ताओं का ध्यान गाड़ी में रखे एक भूरे रंग के बैग की ओर भी दिलाया।

दिमाग में आवाजें आने का दावा, ट्रंप की हत्या करने का मिला था निर्देश

अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग (DHS) के अनुसार, गिरफ्तार युवक ने अधिकारियों को बताया कि उसके दिमाग में कुछ आवाजें सुनाई दे रही थीं। ये आवाजें उसे वाशिंगटन डीसी जाने और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हत्या करने का निर्देश दे रही थीं।

इस दावे को लेकर एक महत्वपूर्ण बात यह है कि आवाजें सुनाई देने संबंधी बयान आपराधिक शिकायत के हलफनामे में दर्ज नहीं है। हालांकि, गृह सुरक्षा विभाग की ओर से इसकी जानकारी दी गई है। घटना के बाद अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियां मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं।

सीक्रेट सर्विस निदेशक ने जताई चिंता, बोले- सुरक्षा के सामने बढ़ रही चुनौतियां

अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के निदेशक शॉन करन ने इस घटना को व्हाइट हाउस के आसपास बढ़ते सुरक्षा खतरों का संकेत बताया। उन्होंने कहा कि यह मामला उस चुनौतीपूर्ण माहौल को दर्शाता है, जिसमें सुरक्षा एजेंसियां लगातार काम कर रही हैं। उन्होंने यह भी चिंता जताई कि हथियारों से लैस लोगों की संख्या बढ़ रही है, जो व्हाइट हाउस परिसर की ओर पहुंच रहे हैं।

करन के मुताबिक, सीक्रेट सर्विस के जवानों को इस तरह की परिस्थितियों से निपटने के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जाता है। इसके बावजूद ऐसी घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था के सामने गंभीर चुनौती पेश करती हैं।

बिना जमानत हिरासत में संदिग्ध, अमेरिका में अवैध रूप से दाखिल होने का भी आरोप

गिरफ्तार युवक की पहचान रॉनी योर्ड्रिक्स गुआनिपा चिरिनोस के रूप में हुई है। उसे यूएस मार्शल्स सर्विस की हिरासत में भेज दिया गया है। उस पर बिना अनुमति वाहन का इस्तेमाल करने, चोरी की संपत्ति रखने, बिना लाइसेंस पिस्तौल और राइफल रखने सहित हथियारों से जुड़े कई आरोप लगाए गए हैं।

अदालती रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी शुक्रवार को डीसी सुपीरियर कोर्ट में पेश हुआ और फिलहाल उसे बिना जमानत हिरासत में रखा गया है। गृह सुरक्षा विभाग ने बताया कि गुआनिपा-चिरिनोस वेनेजुएला का नागरिक है, जिसके पास अमेरिका में रहने के वैध दस्तावेज नहीं हैं। वह मार्च 2024 में टेक्सास के रास्ते अमेरिका में दाखिल हुआ था। अमेरिकी आव्रजन एवं सीमा शुल्क प्रवर्तन एजेंसी (ICE) ने उसके खिलाफ हिरासत आदेश भी जारी किया है।

Related posts