बलिया में दो बार में रकम लेने की शिकायत पर हुई कार्रवाई, एसपी ने विभागीय जांच के दिए आदेश; डीएसपी राकेश सिंह को सौंपी गई जांच की जिम्मेदारी
बलिया: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में जमीन विवाद के एक मामले में कथित तौर पर 61 हजार रुपये रिश्वत लेने के आरोप में बांसडीह रोड थाने के पूर्व प्रभारी और एक हेड कांस्टेबल को निलंबित कर दिया गया है। दोनों पुलिसकर्मियों पर एक व्यक्ति से दो बार में यह रकम लेने का आरोप है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने सोमवार को बताया कि बांसडीह रोड थाने के पूर्व प्रभारी रिवंश बहादुर सिंह और मुख्य आरक्षी माधवानंद के खिलाफ शिकायत मिली थी। आरोप है कि दोनों ने दो पक्षों के बीच चल रहे जमीन विवाद के मामले में एक व्यक्ति से कुल 61 हजार रुपये लिए। एसपी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने आरोपों के समर्थन में पर्याप्त साक्ष्य भी उपलब्ध कराए हैं।
संयुक्त जांच रिपोर्ट के आधार पर हुई कार्रवाई
मामले की जांच अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) संजय वर्मा और बांसडीह के क्षेत्राधिकारी जयशंकर मिश्रा ने संयुक्त रूप से की। उनकी जांच रिपोर्ट के आधार पर रविवार रात दोनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
विभागीय जांच की जिम्मेदारी डीएसपी को
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दोनों निलंबित पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं। जांच की जिम्मेदारी सिकंदरपुर के पुलिस उपाधीक्षक राकेश सिंह को सौंपी गई है। दोनों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई जारी है।
