उन्नाव। बांगरमऊ नगर पालिका सभागार में शुक्रवार को जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के प्रशिक्षण का शुभारंभ हुआ। प्रथम दिवस पर आधा सैकड़ा प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को जनगणना की बारीकियों से अवगत कराया गया।
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि द्वितीय चरण में नागरिक 16 नवंबर से 30 नवंबर तक स्वयं अपने परिवार की स्व-गणना कर सकेंगे। इसके बाद 1 दिसंबर से 4 जनवरी तक प्रगणक घर-घर जाकर 40 महत्वपूर्ण प्रश्नों के आधार पर जानकारी एकत्र करेंगे।
मास्टर ट्रेनर पीयूष कुमार ने विस्तार से बताया कि जनगणना के दौरान मकानों में रह रहे व्यक्तियों की गणना कैसे की जाएगी। उन्होंने सामान्य परिवार, संस्थागत परिवार और बेघर परिवार के अंतर को स्पष्ट करते हुए गणना की प्रक्रिया समझाई। वहीं मास्टर ट्रेनर नीरज कुमार ने नजरी नक्शा तैयार करने की विधि और जनगणना के लिए तैयार किए गए जनगणना प्रशिक्षण पीई ऐप को डाउनलोड कर उपयोग करने की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इस बार नागरिकों से 40 प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनमें मुख्य रूप से व्यक्ति का नाम, जन्मतिथि, आयु, लिंग, वैवाहिक स्थिति, विवाह के समय उम्र, मातृभाषा, शिक्षा, व्यवसाय, जन्म स्थान, जीवित बच्चों की संख्या, बैंक खाता, मोबाइल नंबर, आधार नंबर, मतदाता पहचान पत्र संख्या, पासपोर्ट और ड्राइविंग लाइसेंस जैसी जानकारियां शामिल हैं। प्रशिक्षण में शिवाना दीक्षित, मिथिलेश कुमारी, रंजना, संतोष सिंह, देवेंद्र प्रताप सिंह, ठाकुर प्रसाद, सुभाष कुमार, कौशलेंद्र पाल, अमित कुमार, लक्ष्मी गुप्ता, विजय कुमार, सुधा यादव, कामिनी, संध्या अवस्थी, अभिषेक तिवारी, मीना, जितेंद्र सिंह, शिशिर यादव सहित करीब 50 प्रतिभागी मौजूद रहे।
