नौकरी छोड़ो, टैक्सी चलाओ और बच्चों के साथ रहो! ब्रजेश पाठक के बयान पर बवाल, विपक्ष ने साधा निशाना

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक का एक बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बयान में वह युवाओं को नौकरी के बजाय अपनी गाड़ी चलाकर कमाई करने की सलाह देते नजर आ रहे हैं। ब्रजेश पाठक ने कहा कि अपनी गाड़ी चलाने से लोग परिवार और बच्चों के साथ भी समय बिता सकेंगे। उनके इस बयान को लेकर विपक्ष ने सवाल उठाए हैं और सोशल मीडिया पर भी तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

भारत टैक्सी सेवा के शुभारंभ के दौरान दिया बयान

दरअसल, 23 सितंबर को राजधानी लखनऊ में भारत टैक्सी कैब सेवा का शुभारंभ किया गया था। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक मौजूद थे। इसी दौरान मंच से ब्रजेश पाठक ने स्वरोजगार को बढ़ावा देने की बात कही और युवाओं से अपनी गाड़ी चलाकर कमाई करने की अपील की।

ब्रजेश पाठक ने कहा कि नौकरी के पीछे भागने के बजाय अपनी गाड़ी चलाएं और कुछ घंटे काम करने के बाद दोपहर में अपने बच्चों के साथ समय बिताएं। उन्होंने कहा कि अगर कोई दूसरे के लिए नौकरी करता है तो उसके पास बच्चों के साथ बैठने का समय भी नहीं बचता। उन्होंने लोगों को यह भी सलाह दी कि आखिरी सवारी घर के आसपास की लें, इसके बाद कुछ समय परिवार के साथ बिताकर दोबारा काम पर निकलें।

उन्होंने कहा कि अपनी गाड़ी से काम करने पर कमाई की संभावना अधिक हो सकती है। इसी दौरान उन्होंने ‘पराधीन सपनेहुँ सुखु नाहीं’ का उल्लेख करते हुए कहा कि किसी के अधीन रहने पर अपनी सुविधा के मुताबिक घर लौटना संभव नहीं होता।

‘मोटर चलाना खराब काम नहीं’, पूरे प्रदेश से जुड़ने की अपील

ब्रजेश पाठक ने अपने संबोधन में मजदूरों के कामकाज का उदाहरण भी दिया। उन्होंने कहा कि मजदूरी के लिए जाने वाले लोगों को कई बार काम के दौरान जल्दी करने के लिए कहा जाता है। इसके मुकाबले उन्होंने अपनी गाड़ी और अपने श्रम से काम करने को स्वतंत्रता से जोड़ा।

उन्होंने युवाओं से कहा कि जिस दिन ज्यादा कमाई का काम मिले, उस दिन दो सवारी अधिक कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि पूरा प्रदेश भारत टैक्सी से जुड़े। उन्होंने गांव और शहर के उन युवाओं से भी गाड़ी चलाने की अपील की, जिनके पास हुनर है और जो कमाई करना चाहते हैं। ब्रजेश पाठक ने कहा कि गाड़ी चलाना खराब काम नहीं है।

विपक्ष ने बयान को लेकर साधा निशाना

ब्रजेश पाठक के बयान के सामने आने के बाद विपक्षी नेताओं ने उन पर निशाना साधा। समाजवादी पार्टी के सांसद पुष्पेंद्र सरोज ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि आज का युवा देश चलाएगा और अगर रिक्शा चलाने का शौक है तो वह उपहार में भेज सकते हैं।

कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने भी बयान को लेकर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि ब्रजेश पाठक उत्तर प्रदेश सरकार में उपमुख्यमंत्री हैं और युवाओं से नौकरी तलाशने के बजाय रिक्शा चलाने की बात कह रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या अपने घर के युवाओं से भी रिक्शा चलवाएंगे।

सोशल मीडिया पर भी बयान को लेकर प्रतिक्रियाएं

ब्रजेश पाठक के बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कई यूजर्स ने भी प्रतिक्रिया दी। एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा कि उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री युवाओं को पढ़ाई-लिखाई और नौकरी के बजाय रिक्शा चलाने की सलाह दे रहे हैं। यूजर ने इसे पहले दिए गए ‘पकौड़ा’ वाले बयानों से जोड़कर टिप्पणी की।

एक अन्य यूजर ने भी इसी तरह की प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि ‘चाय-पकौड़ा’ के बाद अब ‘रिक्शा चलाओ’ की सलाह दी जा रही है। साथ ही सवाल किया गया कि क्या मंत्री के बच्चे भी रिक्शा चलाएंगे।

Related posts