बेंगलुरु: देश की प्रमुख आईटी कंपनी इंफोसिस ने अपने शीर्ष नेतृत्व में बड़ा बदलाव करते हुए आशीष कुमार डैश को नया CEO-डेजिग्नेट नियुक्त करने का ऐलान किया है। कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की गुरुवार को हुई बैठक में नॉमिनेशन एंड रेम्यूनरेशन कमेटी की सिफारिश के बाद यह फैसला लिया गया। आशीष कुमार डैश 1 अप्रैल 2027 से इंफोसिस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) और मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) का पद संभालेंगे।
31 मार्च 2027 तक CEO-डेजिग्नेट की जिम्मेदारी संभालेंगे आशीष
इंफोसिस के अनुसार, आशीष कुमार डैश अभी से CEO-डेजिग्नेट के तौर पर जिम्मेदारी संभालेंगे और 31 मार्च 2027 तक इसी भूमिका में काम करेंगे। इसके बाद वह आधिकारिक रूप से कंपनी की कमान संभालेंगे।
कंपनी ने बताया कि आशीष कुमार डैश की नियुक्ति के लिए जरूरी वैधानिक मंजूरियां अभी पूरी होनी बाकी हैं। इंफोसिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि आशीष कुमार डैश के निदेशक बनने पर सेबी या किसी अन्य नियामक संस्था की ओर से कोई प्रतिबंध नहीं है।
30 साल से ज्यादा का है डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन अनुभव
आशीष कुमार डैश फिलहाल इंफोसिस में एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट के पद पर कार्यरत हैं। वह कंपनी के सर्विसेज, यूटिलिटीज, रिसोर्सेज, एनर्जी और एंटरप्राइज सस्टेनेबिलिटी बिजनेस की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
उन्हें डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन के क्षेत्र में तीन दशक से ज्यादा का अनुभव है। उन्होंने ऊर्जा परिवर्तन और सतत विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर कई वैश्विक मंचों पर इंफोसिस का प्रतिनिधित्व किया है।
आशीष कुमार डैश वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम, संयुक्त राष्ट्र के ग्लोबल इन्वेस्टर्स फॉर सस्टेनेबल डेवलपमेंट अलायंस और बी20 समिट 2023 जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों से भी जुड़े रहे हैं।
IIT खड़गपुर और स्टैनफोर्ड से हासिल की शिक्षा
आशीष कुमार डैश ने आईआईटी खड़गपुर से इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की है। इसके अलावा उन्होंने स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी के ग्लोबल लीडरशिप प्रोग्राम को भी पूरा किया है।
वर्तमान में वह अमेरिका के लॉस एंजेलिस में कार्यरत हैं और इंफोसिस के कई वैश्विक कारोबारों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
कंपनी ने कर्मचारियों के लिए RSU जारी करने को दी मंजूरी
नेतृत्व बदलाव के साथ इंफोसिस के बोर्ड ने कर्मचारियों के लिए 9,836 रिस्ट्रिक्टेड स्टॉक यूनिट्स (RSUs) जारी करने की मंजूरी भी दी है। ये शेयर 1 अगस्त 2026 से जारी किए जाएंगे और तीन साल की अवधि में चरणबद्ध तरीके से कर्मचारियों को मिलेंगे।
इंफोसिस का यह फैसला कंपनी की भविष्य की रणनीति और वैश्विक विस्तार की योजनाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब आईटी सेक्टर और निवेशकों की नजर आशीष कुमार डैश के नेतृत्व में कंपनी की आगे की दिशा और विकास योजनाओं पर रहेगी।
