सिर्फ 5 एपिसोड की TVF सीरीज का OTT पर तूफान, 24 दिन से ट्रेंडिंग; IMDb रेटिंग ने बनाया रिकॉर्ड

मुंबई: ओटीटी प्लेटफॉर्म पर हर हफ्ते नई फिल्में और वेब सीरीज रिलीज होती हैं, लेकिन कुछ ही ऐसी होती हैं जो लंबे समय तक दर्शकों के दिलों पर कब्जा जमाए रखती हैं। इन दिनों टीवीएफ की एक ऐसी ही वेब सीरीज जबरदस्त चर्चा में है, जिसने रिलीज के बाद से लगातार दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींच रखा है। खास बात यह है कि इस सीरीज के पहले सीजन को IMDb पर 9.2 की दमदार रेटिंग मिली थी, जबकि दूसरे सीजन ने उससे भी आगे निकलकर नया रिकॉर्ड बना दिया है।

यह चर्चित सीरीज है ‘सपने वर्सेस एवरीवन’, जिसका दूसरा सीजन 1 मई को रिलीज हुआ था। रिलीज के करीब 24 दिन बाद भी यह शो लगातार OTT ट्रेंडिंग लिस्ट में बना हुआ है और दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया हासिल कर रहा है।

दूसरे सीजन को मिला पहले से ज्यादा प्यार

‘सपने वर्सेस एवरीवन’ के दूसरे सीजन को दर्शकों से पहले सीजन की तुलना में और ज्यादा सराहना मिल रही है। मेकर्स ने इस बार कहानी को ज्यादा भावनात्मक और गहराई से पेश किया है। सीजन 2 पहले सीजन की कहानी को आगे बढ़ाता है और किरदारों के संघर्ष को और करीब से दिखाता है।

संघर्ष, सपने और हकीकत की कहानी

सीरीज की कहानी दो अलग-अलग युवाओं के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने-अपने सपनों को पूरा करने के लिए जिंदगी से लड़ रहे हैं। एक तरफ प्रशांत नरूला है, जो अभिनेता बनने का सपना लेकर मुंबई पहुंचता है, लेकिन वहां उसे फिल्म इंडस्ट्री की कठोर सच्चाइयों और रोजमर्रा के संघर्ष का सामना करना पड़ता है।

वहीं दूसरी तरफ जिम्मी मेहता का किरदार है, जो रियल एस्टेट की दुनिया में बड़ा नाम बनना चाहता है और अपने निजी मकसद को पूरा करने के लिए हर चुनौती से भिड़ता है। दोनों किरदारों की अलग-अलग यात्राएं दर्शकों को भावनात्मक रूप से जोड़ने में सफल रहती हैं।

कास्ट ने जीत लिया दर्शकों का दिल

सीरीज में अंबरीश वर्मा और परमवीर सिंह चीमा मुख्य भूमिकाओं में नजर आए हैं। इनके अलावा अभिषेक चौहान, अखिल कायमल, रजत दाहिया और विजयांत कोहली ने भी अहम किरदार निभाए हैं। अंबरीश वर्मा ने इस सीरीज को लिखा और निर्देशित भी किया है।

IMDb पर रिकॉर्डतोड़ रेटिंग

‘सपने वर्सेस एवरीवन’ के दोनों सीजन में 5-5 एपिसोड हैं, लेकिन कम एपिसोड होने के बावजूद इस सीरीज ने बड़ा असर छोड़ा है। पहले सीजन को IMDb पर 9.2 की शानदार रेटिंग मिली थी, जबकि दूसरे सीजन ने 9.7 की औसत रेटिंग हासिल कर सबको चौंका दिया।

सीजन 2 के कुछ एपिसोड को 9.8 और 9.9 तक की रेटिंग भी मिली है, जो इसे इस समय की सबसे चर्चित और पसंद की जाने वाली हिंदी वेब सीरीज में शामिल करती है।

 

Related posts