लखनऊ: उत्तर प्रदेश में बीते दिनों आए तेज आंधी-तूफान और भारी बारिश ने कई परिवारों की जिंदगी उजाड़ दी। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में इस प्राकृतिक आपदा की चपेट में आकर 111 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 72 लोग घायल बताए गए हैं। इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाने के निर्देश दिए, जिसके बाद प्रशासन ने महज 24 घंटे के भीतर सहायता राशि वितरित कर दी।
75 जिलों में प्रशासनिक अमला पहुंचा पीड़ितों के घर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद प्रदेश के सभी 75 जिलों में प्रभारी मंत्री और जिलाधिकारी खुद प्रभावित परिवारों तक पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर जाकर हालात का जायजा लिया और पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता सौंपी। सरकार की ओर से प्रत्येक प्रभावित परिवार को 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई।
आंधी-बारिश से कई जिलों में भारी तबाही
प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश के चलते पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए, जिससे बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ। कई इलाकों में जनजीवन भी प्रभावित रहा। हादसों में जान गंवाने वाले परिवारों के सामने अचानक बड़ा संकट खड़ा हो गया, जिसके बाद सरकार ने राहत कार्य तेज कर दिए।
24 घंटे के भीतर बांटी गई 5 करोड़ रुपये की सहायता
सरकारी जानकारी के मुताबिक, आंधी-तूफान से प्रभावित 111 परिवारों को 24 घंटे के भीतर कुल 5 करोड़ रुपये की सहायता राशि वितरित की गई। प्रभारी मंत्रियों और जिलाधिकारियों ने स्वयं जाकर पीड़ित परिवारों को सहायता राशि सौंपी। सरकार का कहना है कि प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाने में किसी तरह की देरी न हो, इसके लिए लगातार निगरानी की जा रही है।
सीएम योगी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का लगातार दौरा करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पीड़ितों और उनके परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है। वरिष्ठ अधिकारी लगातार प्रभावित परिवारों के संपर्क में बने हुए हैं और राहत कार्यों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
