लखनऊ: आईपीएल 2026 में खिलाड़ियों के अलग-अलग अंदाज वाले सेलिब्रेशन लगातार सुर्खियां बटोर रहे हैं, लेकिन लखनऊ सुपर जायंट्स के तेज गेंदबाज आकाश सिंह का ‘चिट सेलिब्रेशन’ अब बड़े विवाद में घिर गया है। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के बाद किया गया उनका यह सेलिब्रेशन क्रिकेट जगत के कई दिग्गजों को बिल्कुल पसंद नहीं आया। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज डेल स्टेन और पूर्व भारतीय क्रिकेटर अंबाती रायुडू ने इस पर खुलकर नाराजगी जताई है।
चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मुकाबले में आकाश सिंह ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 26 रन देकर 3 विकेट झटके। हालांकि मैच के दौरान हर विकेट लेने के बाद उनका जेब से एक छोटी पर्ची निकालकर दिखाना चर्चा का सबसे बड़ा विषय बन गया। बाद में पता चला कि उस पर्ची पर मोटिवेशनल संदेश लिखा था— “#Akkionfire, आकाश जानता है कि T20 मैच में विकेट कैसे लिए जाते हैं।”
आईपीएल में नया ट्रेंड बना ‘चिट सेलिब्रेशन’
आईपीएल 2026 में इस तरह का सेलिब्रेशन तेजी से ट्रेंड बनता नजर आ रहा है। इससे पहले उर्विल पटेल और रघु शर्मा भी इसी अंदाज में जश्न मनाते दिखाई दे चुके हैं। हालांकि आकाश सिंह के इस तरीके ने सोशल मीडिया से लेकर क्रिकेट एक्सपर्ट्स तक के बीच बहस छेड़ दी है।
अंबाती रायुडू ने कहा- ‘थोड़ा मजाकिया, थोड़ा बकवास’
पूर्व भारतीय बल्लेबाज अंबाती रायुडू ने इस सेलिब्रेशन की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि उन्हें समझ नहीं आता कि खिलाड़ियों को ऐसा आइडिया आता कहां से है। उन्होंने कहा कि वह यह जानना चाहते हैं कि आखिर किस वक्त आकाश सिंह को लगा होगा कि यह टीवी पर शानदार दिखेगा और लोग उन्हें कूल समझेंगे।
रायुडू ने तंज कसते हुए कहा कि वह उन दोस्तों के बारे में भी जानना चाहते हैं जिन्होंने इस आइडिया की तारीफ की होगी। उन्होंने साफ कहा कि बहुत लोगों को यह पसंद नहीं आएगा क्योंकि यह थोड़ा मजाकिया और थोड़ा बकवास लगता है।
‘चिट सेलिब्रेशन’ पर बैन लगाने की मांग
अंबाती रायुडू यहीं नहीं रुके। उन्होंने इस तरह के सेलिब्रेशन पर पूरी तरह रोक लगाने की मांग भी कर डाली। रायुडू ने कहा कि खिलाड़ियों को मैदान पर इस तरह पर्चियां लाने की अनुमति नहीं होनी चाहिए और इस ट्रेंड पर तुरंत बैन लगना चाहिए।
डेल स्टेन ने भी जताई नाराजगी
साउथ अफ्रीका के दिग्गज तेज गेंदबाज डेल स्टेन ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी प्रतिक्रिया दी। स्टेन ने लिखा कि अब समय आ गया है कि इन पर्चियों को बंद किया जाए। उन्होंने कहा कि यह कभी ट्रेंड में था ही नहीं और अब इसे खत्म कर देना चाहिए।
आकाश सिंह बोले- ‘मुझे मोटिवेशन मिलता है’
लगातार हो रही आलोचनाओं के बावजूद आकाश सिंह अपने सेलिब्रेशन के समर्थन में खड़े नजर आए। उन्होंने साफ कहा कि यह तरीका उन्हें मोटिवेट करता है और वह इसे जारी रखेंगे। आकाश के मुताबिक मैदान पर जो चीज उन्हें आत्मविश्वास और ऊर्जा देती है, वह उसे आगे भी अपनाते रहेंगे।
फिलहाल आकाश सिंह का यह ‘चिट सेलिब्रेशन’ क्रिकेट फैंस और दिग्गजों के बीच बहस का बड़ा मुद्दा बन चुका है। कुछ लोग इसे नया और अलग अंदाज मान रहे हैं, जबकि कई पूर्व खिलाड़ी इसे खेल की गरिमा के खिलाफ बता रहे हैं।
