NEET 2026 परीक्षा रद्द: अब छात्रों के सामने क्या विकल्प? दोबारा एग्जाम से लेकर फीस तक, जानिए हर बड़े सवाल का जवाब

नई दिल्ली: देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET (UG) 2026 को लेकर बड़ा फैसला सामने आया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 3 मई 2026 को आयोजित हुई परीक्षा को रद्द कर दिया है। पेपर लीक के गंभीर आरोपों और जांच एजेंसियों की रिपोर्ट के बाद एजेंसी ने यह कदम उठाया है। इस परीक्षा में देशभर के 22 लाख से ज्यादा छात्र शामिल हुए थे। अब परीक्षा दोबारा कराई जाएगी, जिसे लेकर छात्रों और अभिभावकों के मन में कई सवाल उठ रहे हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि अब आगे क्या होगा और छात्रों को क्या दोबारा पूरी प्रक्रिया से गुजरना पड़ेगा।

कब होगी दोबारा परीक्षा?

एनटीए ने साफ किया है कि कानून प्रवर्तन एजेंसियों से मिले जांच निष्कर्षों के आधार पर 3 मई 2026 को आयोजित NEET (UG) परीक्षा को रद्द किया गया है। एजेंसी का कहना है कि मौजूदा परीक्षा प्रक्रिया को जारी रखना संभव नहीं था, इसलिए दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया गया है।

हालांकि नई परीक्षा तारीख का अभी आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है। एनटीए ने कहा है कि जल्द ही नई परीक्षा तिथि और नए एडमिट कार्ड से जुड़ी जानकारी आधिकारिक वेबसाइट और अन्य माध्यमों से जारी की जाएगी।

क्या छात्रों को फिर से आवेदन करना होगा?

एनटीए के मुताबिक जिन छात्रों ने मई 2026 सत्र के लिए पहले ही रजिस्ट्रेशन कराया था, उनका आवेदन पूरी तरह वैध रहेगा। छात्रों को दोबारा आवेदन या नया रजिस्ट्रेशन कराने की जरूरत नहीं होगी।

इसके साथ ही छात्रों की पात्रता, पहले चुने गए परीक्षा केंद्र और अन्य जरूरी जानकारी भी दोबारा आयोजित परीक्षा में मान्य मानी जाएगी।

क्या दोबारा फीस देनी पड़ेगी?

एनटीए ने छात्रों को राहत देते हुए स्पष्ट किया है कि दोबारा परीक्षा के लिए किसी भी तरह का अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। छात्रों को नई फीस जमा नहीं करनी होगी।

एजेंसी ने यह भी कहा है कि पहले जमा की गई परीक्षा फीस छात्रों को वापस कर दी जाएगी और परीक्षा का पुनः आयोजन एनटीए अपने आंतरिक संसाधनों के जरिए करेगा।

पेपर लीक मामले की जांच कौन करेगा?

केंद्र सरकार ने NEET 2026 पेपर लीक मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप दी है। सरकार का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और व्यापक जांच सुनिश्चित करने के लिए यह फैसला लिया गया है।

एनटीए ने कहा है कि वह जांच एजेंसी को पूरा सहयोग देगा और जांच से जुड़े सभी रिकॉर्ड, दस्तावेज और जरूरी सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।

कैसे सामने आया पेपर लीक का मामला?

3 मई 2026 को देशभर के 566 से अधिक शहरों में NEET UG परीक्षा आयोजित की गई थी। इसके कुछ दिनों बाद 7 मई को राजस्थान पुलिस के पास पेपर लीक की शिकायत पहुंची।

जांच में दावा किया गया कि एक तथाकथित ‘Guess Paper’ के जरिए प्रश्नपत्र लीक किया गया। शुरुआती आरोपों के मुताबिक बायोलॉजी के 90 सवाल और केमिस्ट्री के 35 सवाल परीक्षा से पहले बाहर आ चुके थे।

यही नहीं, जांच एजेंसियों के सामने यह भी सवाल खड़े हो रहे हैं कि आखिर 120 सवाल हूबहू परीक्षा में कैसे पहुंच गए और इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड कौन है।

जांच एजेंसियों के सामने सबसे बड़े सवाल

फिलहाल जांच एजेंसियां कई अहम बिंदुओं पर काम कर रही हैं। इनमें सबसे बड़ा सवाल यह है कि पेपर लीक की साजिश किसने रची और Guess Paper सबसे पहले किसके पास पहुंचा।

इसके अलावा यह भी जांच की जा रही है कि क्या यह Guess Paper 20 लाख रुपये तक में बेचा गया था और आखिर कितने छात्रों ने इसे खरीदा।

पूरे मामले ने देशभर में मेडिकल प्रवेश परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब छात्रों की नजर एनटीए और केंद्र सरकार के अगले कदम पर टिकी हुई है।

 

Related posts