
Instagram ने 2026 में ऐसा डिजिटल झाड़ू चलाया है कि करोड़ों की “ऑनलाइन बादशाहत” एक रात में धूल में मिल गई। जिस सोशल मीडिया पर लोग सुबह उठते ही “Good Morning Fam” लिखकर लाखों लाइक्स का नशा लेते थे, वहां अब कई बड़े इन्फ्लुएंसर्स अपने घटे हुए फॉलोअर्स गिनते नजर आ रहे हैं।
इंटरनेट की भाषा में कहें तो — “फिल्टर बच गया, लेकिन फेक फेम पकड़ा गया।”
इंस्टाग्राम बोला — “अब बॉट नहीं, सिर्फ इंसान चलेंगे”
मेटा ने अपने इस क्लीनअप अभियान में लाखों बॉट अकाउंट्स और निष्क्रिय प्रोफाइल्स को प्लेटफॉर्म से बाहर का रास्ता दिखा दिया। यानी वो अकाउंट्स जिनका काम सिर्फ, “Nice pic dear” और “DM for promotion” लिखना था… अब डिजिटल स्वर्ग सिधार चुके हैं। कंपनी का कहना है कि यह रूटीन प्रक्रिया है। लेकिन सोशल मीडिया की दुनिया में यह किसी भूकंप से कम नहीं निकला।
काइली जेनर की डिजिटल सल्तनत हिली
सबसे बड़ा झटका अमेरिकी सोशल मीडिया क्वीन Kylie Jenner को लगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्होंने करीब 1.4 करोड़ फॉलोअर्स गंवा दिए। मतलब… जितनी आबादी कई छोटे देशों की नहीं होती, उससे ज्यादा लोग एक रात में “अनफॉलो” नहीं बल्कि “डिलीट” हो गए। सोशल मीडिया पर लोग मजाक उड़ा रहे हैं — “इतने फॉलोअर्स तो शायद उनके मेकअप ब्रश के भी नहीं होंगे।”
विराट से रोनाल्डो तक… किसी की VIP एंट्री नहीं चली
इस डिजिटल सफाई में कई बड़े नामों के फॉलोअर काउंट नीचे खिसक गए। Virat Kohli, Cristiano Ronaldo और Lionel Messi जैसे सुपरस्टार्स के अकाउंट्स पर भी असर दिखा। हालांकि उनके असली फैन अभी भी मौजूद हैं, लेकिन यह साफ हो गया कि सोशल मीडिया की दुनिया में “थोड़ा बहुत मेकअप” सिर्फ फोटो पर नहीं, फॉलोअर्स पर भी होता है।
सबसे बड़ा प्लॉट ट्विस्ट — खुद इंस्टाग्राम भी नहीं बचा
कहानी में असली कॉमेडी तब आई जब पता चला कि खुद Instagram Official Account के भी करीब 90 लाख फॉलोअर्स उड़ गए। यानी जिसने सफाई अभियान चलाया, उसकी अपनी अलमारी से भी नकली कपड़े निकल आए।
इन्फ्लुएंसर इंडस्ट्री में छाया मातम
कई इन्फ्लुएंसर्स के लिए यह घटना वैसी ही थी जैसे शादी में DJ बंद हो जाए। जो लोग कल तक “10M Family ” लिख रहे थे, आज अचानक “Grateful for real supporters ” मोड में आ गए हैं। कुछ क्रिएटर्स ने तो अपने स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए दुख जताया, जबकि इंटरनेट जनता ने कमेंट किया — “भाई, आधे फॉलोअर तो रूस, ब्राज़ील और मंगल ग्रह से थे।”
नकली एंगेजमेंट का असली पोस्टमार्टम
असल में यह पूरा खेल सोशल मीडिया की उस चमकदार दुनिया का पर्दाफाश है जहां फेक लाइक्स, खरीदे गए फॉलोअर्स और ऑटोमेटेड कमेंट्स से “लोकप्रियता” बनाई जाती थी। कई ब्रांड्स सिर्फ नंबर देखकर करोड़ों के डील कर देते थे। अब इंस्टाग्राम ने साफ संकेत दे दिया है कि आने वाले दौर में “रील से ज्यादा रियल” मायने रखेगा।
इंस्टाग्राम की इस डिजिटल सफाई ने एक बात साफ कर दी — सोशल मीडिया की दुनिया में हर चमकती चीज असली नहीं होती। कई इन्फ्लुएंसर्स की लोकप्रियता का गुब्बारा एक रात में पिचक गया, लेकिन इंटरनेट जनता को साल का सबसे मजेदार कंटेंट मिल गया।
3 करोड़ सफर—अब 3 घंटे नहीं, 1 घंटे में दिल्ली! क्या बदल गया?
