आचार संहिता लागू, नेताओं की आज़ादी पर कड़ी लगाम

गौरव त्रिपाठी
गौरव त्रिपाठी

भारत में चुनाव सिर्फ वोट डालने की प्रक्रिया नहीं होते यह लोकतंत्र का सबसे बड़ा उत्सव होते हैं। और जैसे ही चुनाव का ऐलान होता है, राजनीति पर एक अदृश्य ब्रेक लग जाता है।

15 मार्च 2026 को Election Commission of India ने पांच राज्यों में विधानसभा चुनावों का बिगुल बजा दिया।इन राज्यों में West Bengal, Tamil Nadu, Kerala, Assam और Puducherry शामिल हैं।

घोषणा के साथ ही इन सभी क्षेत्रों में Model Code of Conduct तत्काल लागू कर दिया गया।

पोस्टर, बैनर और सरकारी प्रचार पर सख्त रोक

आचार संहिता लागू होते ही सबसे पहला असर चुनावी प्रचार पर पड़ता है। सरकारी इमारतों, सार्वजनिक स्थानों और यहां तक कि निजी संपत्तियों पर भी अब बिना अनुमति राजनीतिक पोस्टर या बैनर नहीं लगाए जा सकते।

सरकारी खर्च पर होने वाले सभी विज्ञापनों पर भी पूरी तरह रोक लगा दी गई है। इसका उद्देश्य साफ है सत्ताधारी दल को सरकारी संसाधनों का फायदा न मिले।

अब कोई भी नेता सरकारी वाहन, सरकारी बंगला या सरकारी मंच का इस्तेमाल चुनाव प्रचार के लिए नहीं कर पाएगा।

निजता का सम्मान भी चुनावी नियम

आयोग ने सिर्फ चुनावी खर्च या प्रचार ही नहीं, बल्कि नागरिकों की निजता पर भी जोर दिया है। अब किसी के निजी घर के बाहर धरना या प्रदर्शन करना नियमों के खिलाफ माना जाएगा। इसी तरह किसी भी दीवार या जमीन पर झंडा-बैनर लगाने से पहले मालिक की लिखित अनुमति जरूरी होगी।

सरल भाषा में कहें तो चुनावी राजनीति अब “कानूनी सीमाओं” के भीतर ही चलेगी।

शिकायत के लिए डिजिटल हथियार

चुनाव आयोग ने नियमों के पालन के लिए डिजिटल व्यवस्था भी मजबूत की है। अगर कोई आचार संहिता का उल्लंघन करता है तो नागरिक 1950 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा cVIGIL ऐप के जरिए फोटो या वीडियो भेजकर भी शिकायत की जा सकती है।

शिकायत मिलते ही संबंधित टीम मौके पर कार्रवाई करेगी।

5000 से ज्यादा टीमें मैदान में

नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए आयोग ने बड़े स्तर पर निगरानी तंत्र तैयार किया है। पूरे चुनावी राज्यों में 5173 से ज्यादा फ्लाइंग स्क्वाड। 5200 से ज्यादा स्टेटिक सर्विलांस टीमें तैनात की गई हैं।

इन टीमों का काम है पैसे के दुरुपयोग, अवैध प्रचार और चुनावी गड़बड़ियों पर तुरंत कार्रवाई करना।

रैली और लाउडस्पीकर के लिए भी अनुमति जरूरी

अब कोई भी राजनीतिक दल बिना अनुमति के रैली या जुलूस नहीं निकाल सकता। इसके लिए स्थानीय प्रशासन और पुलिस से मंजूरी लेना अनिवार्य होगा। सार्वजनिक मैदान या हेलिपैड के उपयोग के लिए आयोग ने SUVIDHA Portal की व्यवस्था की है।

यह “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर काम करता है ताकि किसी भी दल को अनुचित लाभ न मिले।

चुनाव और अचानक बदलते नियम

भारतीय राजनीति का एक दिलचस्प नियम है। चुनाव से पहले नेता हर जगह पोस्टर लगा सकते हैं, हर गली में लाउडस्पीकर बजा सकते हैं।

लेकिन जैसे ही आचार संहिता लागू होती है पोस्टर गायब, लाउडस्पीकर शांत, और नेता अचानक “नियमों के सबसे बड़े समर्थक” बन जाते हैं।लोकतंत्र का यह भी एक अनोखा दृश्य है।

लोकतंत्र की असली परीक्षा

चुनाव आयोग का कहना है कि इन सख्त नियमों का उद्देश्य सिर्फ एक है निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव। अगर नियमों का पालन सही तरीके से हुआ तो चुनाव लोकतंत्र का उत्सव बनेंगे। और अगर नियम टूटे…तो चुनावी मैदान फिर विवादों का अखाड़ा बन सकता है।

“पैसे दो, बेस हटाओ… तभी रुकेगी जंग!” – ईरान का खुला अल्टीमेटम

Related posts

Leave a Comment