चेहरा दिखाओ, तभी खरीदारी करो! झांसी के सराफा बाज़ार का नया फरमान

Saima Siddiqui
Saima Siddiqui

उत्तर प्रदेश के झांसी ज़िले से आई यह ख़बर अब सिर्फ़ लोकल बाज़ार तक सीमित नहीं रही। सीपरी सराफा व्यापार मंडल के निर्देश पर सर्राफ़ा दुकानदारों ने अपनी दुकानों के बाहर ऐसे नोटिस चिपका दिए हैं, जिनमें साफ लिखा है — घूंघट, नकाब या बुर्का पहनकर आने वाली महिलाओं को दुकान में एंट्री नहीं मिलेगी।

अगर गहने देखने हैं, तो पहले चेहरा दिखाना होगा

दुकानदारों का तर्क: Crime Control या मजबूरी?

व्यापार मंडल और दुकानदारों का कहना है कि यह फैसला लगातार हो रही चोरी और लूटपाट की घटनाओं के बाद लिया गया है।
उनका दावा है कि कई मामलों में चेहरा ढका होने के कारण आरोपी पहचान से बच निकलते हैं और अंततः नुकसान दुकानदारों को उठाना पड़ता है।

यानी दुकानदारों की दलील साफ है, “Police बाद में आती है, नुकसान पहले हो जाता है।”

जब CCTV काम न करे और कानून देर से पहुंचे, तो नोटिस ही नया कानून बन जाता है।

नोटिस Inside & Outside: क्या लिखा है?

सीपरी इलाके के कई ज्वेलरी शोरूम्स के बाहर और अंदर नोटिस लगे हैं, जिनमें लिखा है-

  • चेहरा ढककर दुकान में प्रवेश वर्जित
  • चोरी-लूट से बचाव के लिए यह अपील अनिवार्य
  • पहचान स्पष्ट होने पर ही खरीद-फरोख्त

यह अपील “निवेदन” के शब्दों में है, लेकिन ज़मीन पर यह शर्त बन चुकी है

Women & Choice: सुरक्षा बनाम स्वतंत्रता

यहीं से यह मामला सिर्फ़ चोरी नहीं, सोच का मुद्दा बन जाता है। घूंघट, नकाब और बुर्का — ये सिर्फ़ कपड़े नहीं, कई महिलाओं के लिए संस्कृति, आस्था और व्यक्तिगत choice भी हैं।

सवाल यह नहीं कि दुकानदार सतर्क क्यों हैं, सवाल यह है कि क्या सुरक्षा की कीमत सिर्फ़ महिलाओं से ही वसूली जाएगी?

पुरुष ग्राहक चेहरे पर हेलमेट पहनकर आए, तो शायद उन्हें “साहब” कहा जाएगा — और महिला घूंघट में आए, तो “संदेह”।

नकली गहनों पर भी अलर्ट

इसी बैठक में सराफा व्यापार मंडल ने एक और निर्देश दिया है — सोने-चांदी के गहनों की खरीद से पहले सख़्त जांच।
नकली आभूषणों के मामलों में भी सतर्कता बरतने को कहा गया है।

मतलब साफ है, बाज़ार में डर सिर्फ़ चोरी का नहीं, धोखे का भी है

Legal Angle: आदेश या अपील?

फिलहाल यह कोई सरकारी आदेश नहीं, बल्कि व्यापार मंडल की अपील है। लेकिन सवाल उठता है — जब अपील के साथ “एंट्री नहीं मिलेगी” जुड़ जाए, तो वह नियम बन जाती है

अब देखना होगा कि प्रशासन क्या रुख अपनाता है। महिला संगठनों की प्रतिक्रिया क्या होगी। और क्या यह मामला अदालत तक पहुंचेगा?

Market Security vs Social Sensitivity

झांसी का यह मामला अकेला नहीं है। देश के कई हिस्सों में सुरक्षा के नाम पर सामाजिक सीमाएं तय की जा रही हैं।

अगर सिस्टम मज़बूत होता, तो नोटिस लगाने की ज़रूरत नहीं पड़ती।

झांसी सराफा बाज़ार का यह फैसला ना पूरी तरह गलत है, ना पूरी तरह सही। यह एक डर से निकला निर्णय है — लेकिन डर के फैसले अक्सर नई बहसें पैदा करते हैं।

Related posts

Leave a Comment