Weather Alert: आज इन राज्यों में मूसलाधार बारिश का खतरा! IMD ने जारी किया आंधी, बिजली और तेज हवाओं का अलर्ट

नई दिल्ली: देशभर में मानसून पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शुक्रवार, 24 जुलाई के लिए कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश, आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। उत्तर भारत से लेकर पूर्वोत्तर, पश्चिम, मध्य और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में मौसम बिगड़ने की संभावना जताई गई है।

यूपी, दिल्ली, उत्तराखंड समेत उत्तर भारत में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बारिश की संभावना है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कई इलाकों में बहुत भारी बारिश हो सकती है।

जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में आंधी, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी जारी की गई है। उत्तराखंड में भी बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी

पूर्वी राजस्थान, मध्य महाराष्ट्र और गुजरात में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। इसके अलावा सौराष्ट्र-कच्छ, मराठवाड़ा, कोंकण और गोवा के कई हिस्सों में भी अच्छी बारिश होने की संभावना है।

मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार और झारखंड में भी बरसेंगे बादल

मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ, बिहार, झारखंड, ओडिशा, गंगीय पश्चिम बंगाल, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी व्यापक स्तर पर बारिश का पूर्वानुमान है।

पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश में कहीं-कहीं आंधी, बिजली और तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं बिहार, झारखंड, ओडिशा और अंडमान-निकोबार में भी गरज-चमक के साथ तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ इलाकों में बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है।

पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भी मौसम रहेगा खराब

अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में शुक्रवार को बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने इन राज्यों के कुछ हिस्सों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने का भी अलर्ट जारी किया है।

दक्षिण भारत में भी बारिश और तेज हवाओं का असर

दक्षिण भारत के कई राज्यों में भी शुक्रवार को बारिश की संभावना है। तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, तेलंगाना और लक्षद्वीप में वर्षा का पूर्वानुमान है।

केरल, माहे, तटीय कर्नाटक और आंतरिक कर्नाटक में व्यापक स्तर पर बारिश हो सकती है। वहीं तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम के कुछ इलाकों में आंधी, बिजली और 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है।

 

Related posts