Wedding Season ON! बेटा थाने में – ‘सर, ये 7वीं बार बारात निकाल देंगे!’

साक्षी चतुर्वेदी
साक्षी चतुर्वेदी

कभी-कभी खबरें ऐसी आती हैं कि न्यूज़रूम में चाय ठंडी और माथा गरम हो जाता है। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में एक ऐसा ही पारिवारिक “विवाह महोत्सव” चल रहा है, जहां बेटे को पढ़ाई से ज्यादा चिंता पिता की अगली बारात की है। मामला इतना गर्म हुआ कि लड़का सीधे थाने पहुंच गया और पुलिस से बोला, “सर, पापा को रोक लीजिए… ये सातवीं शादी की तैयारी में हैं!”

गांव में अब चर्चा खेती या मौसम की नहीं, बल्कि “अमरजीत मैरिज सीजन 7” की चल रही है।

पिता की शादी सीरीज़: अब तक 6 एपिसोड

आजमगढ़ के अहरौला थाना क्षेत्र में रहने वाले 55 वर्षीय अमरजीत मौर्य पर आरोप है कि वह पहले ही छह शादियां कर चुके हैं। बेटे के मुताबिक कहानी किसी टीवी सीरियल की तरह लंबी है. पहली, दूसरी, तीसरी… और फिर धीरे-धीरे शादी का काउंटर बढ़ता गया.

अब गांव में खबर फैली कि सातवीं शादी की तैयारी चल रही है. और यही खबर बेटे के लिए ब्रेकिंग न्यूज़ बन गई.

बेटा पहुंचा थाने: “सर, पापा को रोक लो”

नाबालिग बेटे शनि मौर्य ने पुलिस को दी तहरीर में दावा किया कि उसके पिता ने उसकी मां से तीसरी शादी की थी. अब पिता फिर से शादी करने के लिए लोगों से संपर्क कर रहे हैं. इतना ही नहीं, बेटे का आरोप है कि 50 हजार रुपये एडवांस भी ले लिया गया है. यानी गांव में शादी की डेट भले तय न हुई हो, लेकिन बुकिंग एडवांस मोड में बताई जा रही है.

जमीन, कर्ज और नई बारात

बेटे का कहना है कि परिवार की आधी से ज्यादा जमीन पहले ही गिरवी रखी जा चुकी है. वह खुद 12वीं का छात्र है, लेकिन घर चलाने के लिए मजदूरी करनी पड़ती है. उधर गांव में चर्चा है कि पिता जमीन बेचकर सातवीं शादी की तैयारी में हैं. गांव के लोग अब इसे परिवार का मामला कम और लोकल वायरल किस्सा ज्यादा मान रहे हैं.

गांव में चर्चा: “ये मामला अलग ही लेवल का है”

गांव के प्रधान शत्रुघ्न कनौजिया ने भी माना कि अमरजीत पहले कई शादियां कर चुके हैं और यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन चुका है. चाय की दुकानों पर बहस का नया टॉपिक है “ये शादी होगी या पुलिस ब्रेक लगा देगी?”

पुलिस क्या कहती है

अहरौला थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा के मुताबिक बेटे की तहरीर मिल चुकी है. पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है. फिलहाल गांव में लोग एक ही सवाल पूछ रहे हैं “क्या इस बारात पर पुलिस बैरिकेड लगेगा?”

कभी गांव की खबरें खेती से जुड़ी होती थीं, अब “शादी का सीजन” भी ब्रेकिंग बन रहा है. आजमगढ़ का यह मामला यही बता रहा है कि कभी-कभी परिवार की कहानी भी वायरल न्यूज़ बन जाती है.

ईरान का ‘True Promise-4’: खाड़ी के 6 देशों में अमेरिकी रडार सिस्टम तबाह

Related posts

Leave a Comment