नई दिल्ली: केंद्र सरकार के लाखों कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए महंगाई भत्ते (डीए) को लेकर राहत भरी खबर सामने आई है। ताजा आंकड़ों के अनुसार जुलाई 2026 से लागू होने वाले डीए संशोधन में करीब 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है। अगर ऐसा होता है तो महंगाई भत्ता बढ़कर 63 प्रतिशत तक पहुंच सकता है, जिससे कर्मचारियों की आय में सीधा इजाफा होगा।
AICPI-IW आंकड़ों से बढ़ी उम्मीदें
श्रम ब्यूरो की ओर से जारी अप्रैल 2026 के AICPI-IW (औद्योगिक श्रमिक उपभोक्ता मूल्य सूचकांक) आंकड़ों के अनुसार इंडेक्स 149.9 अंक तक पहुंच गया है। मार्च 2026 में यह 149.1 अंक था। इसी के साथ औद्योगिक श्रमिकों की महंगाई दर में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। लगातार बढ़ते इन आंकड़ों ने डीए बढ़ोतरी की संभावनाओं को मजबूत कर दिया है।
औसत आंकड़ों के आधार पर हो रही गणना
महंगाई भत्ते की गणना 12 महीने के औसत AICPI-IW आंकड़ों के आधार पर की जाती है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार मई 2025 से अप्रैल 2026 तक का औसत इंडेक्स 147.51 रहा है। इस आधार पर अनुमान लगाया जा रहा है कि महंगाई भत्ता करीब 62.51 प्रतिशत तक पहुंच सकता है, जिसे सामान्य रूप से 63 प्रतिशत तक राउंड ऑफ किया जा सकता है।
कर्मचारियों को मिल सकता है सीधा लाभ
यदि डीए में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी होती है तो केंद्र सरकार के कर्मचारियों की मासिक आय में सीधा असर देखने को मिलेगा। उदाहरण के तौर पर लेवल-5 के एक कर्मचारी का मूल वेतन 29,200 रुपये होने पर अभी 60 प्रतिशत डीए के तहत उसे 17,520 रुपये मिलते हैं। वहीं 63 प्रतिशत डीए होने पर यह राशि बढ़कर 18,396 रुपये हो जाएगी, यानी हर महीने करीब 876 रुपये की अतिरिक्त आय होगी।
अभी अंतिम फैसला बाकी
हालांकि यह पूरी गणना फिलहाल उपलब्ध आंकड़ों पर आधारित अनुमान है। डीए का अंतिम निर्धारण मई और जून 2026 के AICPI-IW आंकड़ों के बाद ही होगा। यदि इन महीनों में महंगाई दर में बड़ी गिरावट नहीं आती है तो 3 प्रतिशत बढ़ोतरी की संभावना मजबूत मानी जा रही है। अंतिम निर्णय केंद्र सरकार की आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगा।
कर्मचारियों और पेंशनर्स की उम्मीदें बढ़ीं
महंगाई के ताजा रुझानों ने केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों की उम्मीदें बढ़ा दी हैं। अब सभी की नजरें अगले दो महीनों के आंकड़ों पर टिकी हैं, जो यह तय करेंगे कि जुलाई 2026 में डीए में 2 प्रतिशत की सामान्य बढ़ोतरी होगी या फिर 3 प्रतिशत का अतिरिक्त लाभ मिलेगा।
