PM मोदी ने जॉर्जिया मेलोनी को दी बधाई, इटली में बनाया युद्ध के बाद सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को द्वितीय विश्व युद्ध के बाद लगातार सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री पद पर रहने का रिकॉर्ड बनाने पर बधाई दी है। मोदी ने उनकी इस उपलब्धि को इतालवी जनता के उनके नेतृत्व में भरोसे और विश्वास का स्पष्ट संकेत बताया।

मेलोनी ने मोदी को दिया धन्यवाद

मोदी की बधाई पर जॉर्जिया मेलोनी ने उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि भारत और इटली के संबंध आज पहले से कहीं अधिक मजबूत हैं। मेलोनी ने यह भी कहा कि दोनों देश मिलकर यूरोप और एशिया के बीच संबंधों को और मजबूत करने के लिए काम कर रहे हैं। इसके साथ ही भारत-पश्चिम एशिया-यूरोप आर्थिक गलियारे के विकास में भी दोनों देशों के साथ मिलकर काम करने की बात कही।

जॉर्जिया मेलोनी 22 अक्टूबर 2022 से इटली की प्रधानमंत्री हैं। बृहस्पतिवार को उन्होंने प्रधानमंत्री के रूप में 1,413 दिन पूरे किए। इसके साथ ही वह द्वितीय विश्व युद्ध के बाद लगातार सबसे लंबे समय तक इस पद पर रहने वाली इटली की प्रधानमंत्री बन गईं। मेलोनी इटली की पहली महिला प्रधानमंत्री भी हैं।

मोदी ने बताया भारत-इटली साझेदारी में महत्वपूर्ण योगदान

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के जरिए मेलोनी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इटली के युद्धोत्तर इतिहास में लगातार सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने वाली नेता बनने की उनकी उपलब्धि इतालवी जनता के उनके नेतृत्व के प्रति भरोसे को दर्शाती है।

मोदी ने कहा कि मेलोनी की मित्रता ने भारत-इटली विशेष रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने दोनों देशों के लोगों के समृद्ध भविष्य के निर्माण के लिए आगे भी करीबी सहयोग जारी रखने की इच्छा जताई। प्रधानमंत्री ने मेलोनी को आने वाले वर्षों में निरंतर सफलता के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

भारत-इटली संबंधों को और मजबूत करने पर जोर

इसके जवाब में मेलोनी ने प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा कि आज इटली और भारत के बीच संबंध पहले से कहीं अधिक मजबूत हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने अपनी पिछली बैठक के दौरान जिस विशेष रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाया था, वह भारत और इटली के बीच संबंधों के महत्व को दर्शाती है।

मेलोनी ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि इटली और भारत मिलकर दोनों महाद्वीपों के बीच संबंधों को मजबूत करने की दिशा में लगातार काम करते रहेंगे। उन्होंने भारत-पश्चिम एशिया-यूरोप आर्थिक गलियारे को विकसित करने के लिए भी दोनों देशों के साथ मिलकर आगे बढ़ने की प्रतिबद्धता जताई।

 

Related posts