PM आवास प्रदर्शन पर BJP का पलटवार! राहुल गांधी के विरोध में लखनऊ में उमड़ा जनसैलाब, कांग्रेस के खिलाफ निकाला विशाल मार्च

लखनऊ: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आधिकारिक आवास के बाहर कांग्रेस के प्रदर्शन के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को राजधानी लखनऊ में बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी के नेतृत्व में हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं ने विशाल विरोध मार्च निकालते हुए कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मार्च के दौरान कांग्रेस की राजनीति को अराजक बताते हुए भाजपा नेताओं ने इसे लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ करार दिया।

वीवीआईपी गेस्ट हाउस से निकला मार्च, कांग्रेस मुख्यालय की ओर बढ़े कार्यकर्ता

भाजपा का विरोध मार्च वीवीआईपी गेस्ट हाउस से शुरू हुआ, जिसमें प्रदेश पदाधिकारी, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। हाथों में तख्तियां और पार्टी के झंडे लिए कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी और कांग्रेस के खिलाफ नारे लगाए। कांग्रेस मुख्यालय की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रोक दिया, जिसके बाद वहीं विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी की गई।

पंकज चौधरी बोले- कांग्रेस की राजनीति हताशा और अराजकता का प्रतीक

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास और जंतर-मंतर पर कांग्रेस का प्रदर्शन लोकतांत्रिक विरोध नहीं बल्कि राजनीतिक हताशा का परिणाम है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता का समर्थन खोने के बाद कांग्रेस अब सड़कों पर अराजकता फैलाकर अपनी राजनीतिक प्रासंगिकता बनाए रखने की कोशिश कर रही है।

‘प्रधानमंत्री पद की गरिमा से खिलवाड़ स्वीकार नहीं’

पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री का पद किसी व्यक्ति का नहीं बल्कि 140 करोड़ भारतीयों के जनादेश का प्रतीक है। ऐसे पद की गरिमा को चुनौती देना लोकतांत्रिक परंपराओं और संवैधानिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस के पास कोई मुद्दा है तो उसे संसद और लोकतांत्रिक संस्थाओं के माध्यम से उठाना चाहिए, न कि टकराव का माहौल बनाकर।

‘देश विकास की राह पर, कांग्रेस फैला रही नकारात्मकता’

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भारत आर्थिक, सामरिक और वैश्विक स्तर पर लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है, लेकिन कांग्रेस देश की सफलताओं पर गर्व करने के बजाय नकारात्मक राजनीति कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के पास न विकास का कोई विजन है और न ही सकारात्मक एजेंडा, बल्कि उसका उद्देश्य केवल राजनीतिक अस्थिरता पैदा करना है।

युवाओं को लेकर भाजपा और कांग्रेस की सोच में अंतर बताया

पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार नई शिक्षा नीति, स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, डिजिटल इंडिया और रोजगार आधारित योजनाओं के जरिए युवाओं को अवसर और कौशल उपलब्ध करा रही है। इसके विपरीत कांग्रेस युवाओं और छात्रों को राजनीतिक आंदोलनों का हिस्सा बनाकर उनका भविष्य प्रभावित करना चाहती है।

योगी सरकार की योजनाओं का भी किया उल्लेख

उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार के हालिया फैसलों का जिक्र करते हुए कहा कि रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना के तहत मेधावी छात्राओं के साथ शीर्ष विद्यार्थियों, दिव्यांग छात्रों, निराश्रित छात्राओं और शहीदों की बेटियों को लाभ दिया जाएगा। साथ ही महिला छात्रावासों के निर्माण, उच्च शिक्षा संस्थानों को अनुदान, 333 किलोमीटर लंबे छह लेन एक्सप्रेसवे और 220 नई बसों की खरीद जैसे फैसलों को प्रदेश के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।

‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना से जवाब देगी भाजपा

पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा विकास, सुशासन, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण और राष्ट्र निर्माण की राजनीति करती है, जबकि कांग्रेस विरोध और भ्रम फैलाने की राजनीति में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी पहुंचाएगा तथा लोकतांत्रिक तरीके से कांग्रेस के दुष्प्रचार का जवाब देगा।

प्रदर्शन में गूंजे कांग्रेस विरोधी नारे

विरोध मार्च के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस और राहुल गांधी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पार्टी नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री पद की गरिमा, लोकतांत्रिक जनादेश और राष्ट्र के सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा।

 

Related posts