चेन्नई: तमिलनाडु की राजनीति में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद मुख्यमंत्री बने थलपति विजय बुधवार 13 मई को विधानसभा में बहुमत परीक्षण का सामना करेंगे। इसी बीच राज्य में तेज हुई राजनीतिक हलचल के बीच तमिलगा वेट्री कजगम (TVK) ने अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों के लिए सख्त एडवाइजरी जारी की है। पार्टी नेतृत्व ने साफ निर्देश दिए हैं कि किसी भी ऐसी गतिविधि से बचा जाए जिससे आम लोगों को परेशानी, यातायात बाधा या सार्वजनिक असुविधा का सामना करना पड़े।
विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए TVK ने 108 सीटों पर जीत हासिल की थी। पार्टी भले ही अपने दम पर स्पष्ट बहुमत तक नहीं पहुंच सकी, लेकिन उसके प्रदर्शन ने तमिलनाडु की राजनीति का पूरा समीकरण बदल दिया। विजय की अगुवाई में TVK ने जहां डीएमके को सत्ता से बाहर कर दिया, वहीं एआईएडीएमके की वापसी की उम्मीदों पर भी बड़ा झटका लगा।
कार्यकर्ताओं को चेतावनी, नियम तोड़ने पर होगी कार्रवाई
तमिलगा वेट्री कजगम के महासचिव एन आनंद की ओर से जारी आदेश में पार्टी कार्यकर्ताओं को साफ तौर पर चेतावनी दी गई है कि यदि कोई भी व्यक्ति बैनर, पोस्टर, समारोह या किसी अन्य माध्यम से जनता को असुविधा पहुंचाता पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

पार्टी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि यह फैसला पार्टी प्रमुख विजय की मंजूरी के बाद लिया गया है। आदेश में कार्यकर्ताओं से अपील की गई है कि वे सड़कों, सार्वजनिक स्थानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में किसी भी तरह की ऐसी गतिविधि न करें जिससे लोगों की आवाजाही प्रभावित हो या यातायात बाधित हो।
जन्मदिन और निजी समारोहों में भी नहीं लगेंगे पोस्टर-बैनर
TVK ने अपने निर्देशों में यह भी स्पष्ट किया है कि जन्मदिन, पारिवारिक कार्यक्रमों या किसी निजी आयोजन के दौरान भी पार्टी से जुड़े लोग किसी प्रकार के बैनर, पोस्टर या प्रचार सामग्री सार्वजनिक स्थानों पर नहीं लगाएंगे। पार्टी का कहना है कि जनता की सुविधा सर्वोपरि है और किसी भी हाल में आम लोगों को परेशानी नहीं होनी चाहिए।
पार्टी नेतृत्व ने यह भी कहा कि कार्यकर्ता ऐसे किसी भी आयोजन या समारोह में शामिल होने से बचें, जिससे आम जनता को किसी प्रकार की दिक्कत हो सकती हो। TVK ने अपने बयान में जोर देते हुए कहा कि पार्टी का गठन तमिलनाडु के लोगों के कल्याण और राज्यहित को केंद्र में रखकर किया गया था।
‘जनता ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी, उसी दिशा में बढ़ना है’
TVK के बयान में कहा गया है कि तमिलनाडु की जनता ने विजय और उनकी पार्टी पर बड़ा भरोसा जताया है। पार्टी ने कहा कि मुख्यमंत्री विजय ने राज्य के लोगों का व्यापक विश्वास हासिल किया है और अब इस जनादेश की गरिमा बनाए रखना सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।
बयान में आगे कहा गया कि पार्टी का हर सदस्य यह याद रखे कि लोगों ने उन्हें एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है और अब उसी लक्ष्य की दिशा में अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ना होगा।
