लखनऊ के जवाहर भवन में भीषण आग, सरकारी दफ्तरों में मची अफरा-तफरी; दमकल की 6 गाड़ियां मौके पर

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार सुबह हजरतगंज स्थित जवाहर भवन में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगते ही इमारत से ऊंची लपटें उठने लगीं, जबकि घने धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दिया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू कर दिए गए।

सुबह करीब 10 बजे लगी आग

जानकारी के अनुसार, आग सोमवार सुबह करीब 10 बजे लगी। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि उनका धुआं करीब दो किलोमीटर दूर से भी देखा गया। जिस समय हादसा हुआ, उस दौरान अधिकांश कर्मचारी अपने-अपने कार्यालय पहुंच चुके थे, जिससे परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जवाहर भवन में हैं कई सरकारी कार्यालय

घटना हजरतगंज स्थित जवाहर भवन की है, जहां विभिन्न सरकारी विभागों के कार्यालय संचालित होते हैं। यह भवन विधानसभा से करीब दो किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। आग लगने की सूचना के बाद प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, इस घटना में अब तक किसी के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। दमकल कर्मी आग पर पूरी तरह काबू पाने में जुटे हैं, जबकि प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

आग लगने के कारणों की जांच शुरू

फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आग बुझाने के बाद नुकसान का आकलन किया जाएगा और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा।

 

Related posts