नई दिल्ली: देशभर में पेपर लीक को लेकर जारी छात्र आंदोलन के बीच केंद्र सरकार ने शिक्षा मंत्रालय में बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया है। देर रात जारी आदेश के अनुसार, उच्च शिक्षा सचिव विनीत जोशी का तबादला कर उन्हें पंचायती राज मंत्रालय में सचिव नियुक्त किया गया है। उनकी जगह राजस्थान कैडर के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी नरेश पाल गंगवार को नया उच्च शिक्षा सचिव बनाया गया है। सरकार के आदेश में इन नियुक्तियों के पीछे कोई कारण नहीं बताया गया है।
1994 बैच के राजस्थान कैडर के आईएएस अधिकारी हैं नरेश गंगवार
नरेश पाल गंगवार राजस्थान कैडर के 1994 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं। नई जिम्मेदारी मिलने से पहले वह मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय के अंतर्गत पशुपालन और डेयरी विभाग में सचिव के पद पर कार्यरत थे। इससे पहले वह पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव भी रह चुके हैं, जहां उन्होंने प्रदूषण नियंत्रण और खतरनाक पदार्थों के प्रबंधन से जुड़े विषयों पर काम किया।
इंजीनियरिंग से लेकर अर्थशास्त्र तक की है उच्च शिक्षा
नरेश पाल गंगवार का शैक्षणिक रिकॉर्ड भी बेहद मजबूत माना जाता है। उन्होंने रुड़की विश्वविद्यालय से इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग में बीटेक की डिग्री प्राप्त की। इसके बाद भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) दिल्ली से कम्युनिकेशन एवं रडार इंजीनियरिंग में एमटेक किया। इसके अलावा उन्होंने राजस्थान विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में एमए की पढ़ाई भी पूरी की है।
राजस्थान में कई अहम विभागों की संभाल चुके हैं जिम्मेदारी
अपने प्रशासनिक करियर के दौरान नरेश पाल गंगवार ने राजस्थान सरकार में स्कूल शिक्षा, ऊर्जा, कृषि, उद्योग और सूचना प्रौद्योगिकी जैसे महत्वपूर्ण विभागों में प्रमुख सचिव के रूप में कार्य किया है। इसके अलावा वह जयपुर डिस्कॉम के अध्यक्ष और राजस्थान राज्य सड़क परिवहन निगम के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं।
सोलर एनर्जी नीति तैयार करने में निभाई अहम भूमिका
नरेश पाल गंगवार ने वर्ष 2010 से 2014 के बीच राष्ट्रीय सौर मिशन के शुरुआती चरण में राजस्थान की प्रारंभिक सौर ऊर्जा नीति तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनके कार्यकाल के दौरान राज्य में सौर ऊर्जा क्षेत्र को बढ़ावा देने की दिशा में कई महत्वपूर्ण पहल की गईं, जिसका प्रभाव आज भी राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों में देखने को मिलता है।
स्कूली शिक्षा विभाग में भी हुई नई नियुक्ति
केंद्र सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल के तहत कर्नाटक कैडर के 1996 बैच के आईएएस अधिकारी टी.के. अनिल कुमार को भी नई जिम्मेदारी सौंपी है। ग्रामीण विकास मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव के रूप में कार्यरत टी.के. अनिल कुमार को स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है। सरकार की ओर से जारी आदेश में इन बदलावों के कारणों का उल्लेख नहीं किया गया है।
