‘युवा शक्ति के साथ खड़ा महाराष्ट्र’, CJP आंदोलन के समर्थन में MVA एकजुट; उद्धव का केंद्र पर हमला, 23 जुलाई को बंद का आह्वान

मुंबई: दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के छात्र आंदोलन को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में भी हलचल तेज हो गई है। महाविकास अघाड़ी (MVA) के प्रमुख दलों ने आंदोलन के समर्थन में एकजुटता दिखाई है। शरद पवार, उद्धव ठाकरे, कांग्रेस और वंचित बहुजन आघाड़ी (VBA) ने प्रदर्शनकारियों के समर्थन में केंद्र सरकार की आलोचना की है। इसी बीच प्रकाश आंबेडकर ने 23 जुलाई को महाराष्ट्र बंद का आह्वान किया है।

जंतर-मंतर पहुंचकर शरद पवार और उद्धव ने जताया समर्थन

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के प्रमुख शरद पवार अपनी बेटी और सांसद सुप्रिया सुले के साथ मंगलवार को जंतर-मंतर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से मुलाकात की। देर रात शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) प्रमुख उद्धव ठाकरे भी धरनास्थल पहुंचे और आंदोलन को अपना समर्थन दिया।

उद्धव ठाकरे ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि सरकार शांतिपूर्ण प्रदर्शन से इस तरह निपटेगी। उन्होंने कहा कि वह भाषण देने नहीं, बल्कि युवा शक्ति को नमन करने आए हैं। उनके अनुसार यह आंदोलन अब थमने वाला नहीं है और आजादी के बाद पहली बार ऐसी स्थिति देखने को मिली है, जब देश के युवाओं पर लाठीचार्ज किया गया।

23 जुलाई को महाराष्ट्र बंद का ऐलान

वंचित बहुजन आघाड़ी (VBA) के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रकाश आंबेडकर ने CJP आंदोलन के समर्थन में 23 जुलाई को महाराष्ट्र बंद का आह्वान किया है। उन्होंने समान विचारधारा वाले राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और आम लोगों से बंद में शामिल होने की अपील की।

आदित्य ठाकरे ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार लोकतंत्र और छात्रों दोनों के खिलाफ काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में छात्रों और महिलाओं पर लाठीचार्ज किया गया, जबकि मुंबई में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ मामले दर्ज कर उन्हें हिरासत में लिया गया।

आदित्य ठाकरे ने कहा कि जिन लोगों पर पुलिस या कानूनी कार्रवाई हुई है, वे पार्टी की ओर से जारी ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने वकीलों से भी ऐसे मामलों में निशुल्क कानूनी सहायता देने की अपील की।

शरद पवार बोले- प्रदर्शनकारियों की मांगों पर हो विचार

शरद पवार ने सोशल मीडिया पर कहा कि संविधान हर नागरिक को शांतिपूर्ण विरोध का अधिकार देता है। उन्होंने सरकार से अपील की कि प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई करने के बजाय उनकी मांगों को संवेदनशीलता के साथ सुना जाए और उचित समाधान निकाला जाए।

कांग्रेस ने भी पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल

कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने जंतर-मंतर पर हुई पुलिस कार्रवाई की आलोचना करते हुए कहा कि लोकतंत्र में हर नागरिक को शांतिपूर्ण आंदोलन करने का अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलन को खत्म करने के लिए बल प्रयोग किया गया और युवाओं की आवाज दबाने की कोशिश हुई।

अभिजीत दीपके की मां ने जताई नाराजगी

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके की मां ने भी पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारी छात्र लंबे समय से शांतिपूर्ण तरीके से बैठे थे और उनके खिलाफ लाठीचार्ज नहीं होना चाहिए था। उनके मुताबिक प्रशासन को स्थिति को समझदारी और संयम के साथ संभालना चाहिए था।

 

Related posts