ग्रेटर नोएडा: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर को जोड़ने के लिए एक और सड़क का निर्माण शुरू हो गया है। यमुना एक्सप्रेसवे के समानांतर दाहिनी ओर बनने वाली यह सड़क 30 मीटर चौड़ी और करीब 16 किलोमीटर लंबी है। इसका 1,800 मीटर हिस्सा लंबे समय से अतिक्रमण के कारण अधूरा पड़ा था। अब निर्माण की बाधाएं दूर होने के बाद इस हिस्से का काम भी शुरू किया जाएगा। सड़क बनने से यमुना सिटी के कई सेक्टरों और आसपास के गांवों के लोगों को एयरपोर्ट तक पहुंचने में सहूलियत मिलेगी।
यमुना एक्सप्रेसवे के समानांतर बनेगी सड़क
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) की ओर से एयरपोर्ट तक पहुंच बेहतर बनाने के लिए सड़क नेटवर्क विकसित किया जा रहा है। एक्सप्रेसवे के बाईं ओर पहले से 60 मीटर चौड़ी सड़क है, जो परी चौक से ग्रेटर नोएडा विश्वविद्यालय और गलगोटिया होते हुए एयरपोर्ट तक जाती है। इस सड़क से जुड़े दयानतपुर और दनकौर क्षेत्रों में भी काम जारी है।
वहीं, एक्सप्रेसवे के दाहिनी ओर प्रस्तावित 30 मीटर चौड़ी सड़क का करीब 1,800 मीटर हिस्सा अधूरा था। रौनीजा, चपरगढ़ और सलारपुर गांवों के पास अतिक्रमण के चलते निर्माण कार्य रुका हुआ था। अब इन बाधाओं को दूर कर सड़क को पूरा करने की तैयारी है। यह सड़क यमुना एक्सप्रेसवे पर सातवें किलोमीटर से शुरू होती है और आगे चलकर यमुना सिटी के सेक्टर-22ई तक पहुंचने में मदद करेगी। इसकी कनेक्टिविटी आगे 120 मीटर चौड़ी सड़क से भी होगी।
इन सेक्टरों के लोगों को मिलेगी राहत
नई सड़क बनने से यमुना सिटी के सेक्टर-22डी, 22ई, 23ए, 23बी, 23सी, 23डी, 23ई, 25, 26 और 27 समेत आसपास के क्षेत्रों की आवाजाही बेहतर होने की उम्मीद है। फिलहाल सड़क का अधूरा हिस्सा पूरा नहीं होने के कारण इन सेक्टरों और गांवों में रहने वाले लोगों को सलारपुर अंडरपास से होकर 60 मीटर चौड़ी सड़क का इस्तेमाल करना पड़ता है।
यीडा के महाप्रबंधक परियोजना राजेंद्र भाटी के मुताबिक, यमुना एक्सप्रेसवे के समानांतर दाहिनी ओर 30 मीटर चौड़ी सड़क का काम शुरू हो गया है। पहले बाधित रहे 1,800 मीटर हिस्से का निर्माण भी कराया जाएगा। यह सड़क नोएडा एयरपोर्ट को जोड़ने वाले मार्गों में शामिल होगी।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में भी जाम से राहत की तैयारी
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में यातायात की समस्या कम करने के लिए भी सड़क चौड़ीकरण का काम चल रहा है। चार मूर्ति यानी गौर चौक से तुस्याना कट तक करीब 8.2 किलोमीटर लंबी सड़क को चौड़ा किया जा रहा है। इस काम को दो महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
इसके अलावा गौर चौक पर बन रहे अंडरपास को भी दिवाली से पहले खोलने की तैयारी है। ग्रेटर नोएडा ईस्ट और वेस्ट को जोड़ने वाली 130 मीटर चौड़ी सड़क के दोनों ओर बस-वे बनाए जा रहे हैं। चार मूर्ति से सिरसा तक करीब 25 किलोमीटर लंबी सड़क के अधिकांश हिस्से में बस-वे का निर्माण पूरा हो चुका है। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होने और जाम की समस्या कम होने की उम्मीद है।
