
गुरुवार की सुबह भारतीय बाजार में ऐसा सन्नाटा था जैसे किसी ने अचानक अर्थव्यवस्था की अलार्म बेल बजा दी हो।मिडिल ईस्ट के समंदर में तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में लगी आग ने भारतीय रुपये को सीधे उस ढलान पर धकेल दिया, जहां से वापस चढ़ना आसान नहीं होता।
डॉलर के मुकाबले रुपया 92 के मनोवैज्ञानिक स्तर को पार कर गया। निवेशकों के चेहरों पर चिंता और बाजार में बेचैनी साफ दिख रही थी।
यह सिर्फ एक करेंसी का गिरना नहीं है। यह उस आर्थिक तूफान की शुरुआती हवा है जो आम आदमी के पेट्रोल पंप से लेकर रसोई गैस और मोबाइल बिल तक सब पर असर डाल सकती है।
रुपये की गिरावट: आंकड़ों की कहानी
गुरुवार को बाजार खुलते ही रुपया 92.25 के आसपास ट्रेड कर रहा था। लेकिन कुछ ही घंटों में यह गिरकर 92.36 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया। यह पिछले दिन के मुकाबले लगभग 31 पैसे की तेज गिरावट थी।
करेंसी मार्केट में यह छोटी संख्या लग सकती है, लेकिन अर्थव्यवस्था की भाषा में यह चेतावनी की घंटी है।
तेल की आग और डॉलर की ताकत
रुपये की कमजोरी के पीछे सबसे बड़ा कारण कच्चे तेल की कीमतों में उछाल है। वैश्विक बाजार में ब्रेंट क्रूड की कीमत लगभग 10% बढ़कर 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई है। भारत अपनी लगभग 80% तेल जरूरतें आयात करता है।
इसका मतलब साफ है जितना महंगा तेल होगा, उतने ज्यादा डॉलर की जरूरत पड़ेगी। और जब बाजार में डॉलर की मांग बढ़ती है, तो रुपया स्वाभाविक रूप से दबाव में आ जाता है।
विदेशी निवेशकों की घबराहट
तेल संकट के साथ एक और झटका आया है. विदेशी संस्थागत निवेशकों यानी FIIs ने अचानक भारतीय बाजार से पैसा निकालना शुरू कर दिया। सिर्फ एक दिन में ही करीब 6267 करोड़ रुपये के शेयर बेच दिए गए। जब विदेशी पैसा बाजार से निकलता है तो रुपया और कमजोर हो जाता है। इसे बाजार की भाषा में कहते हैं “कैपिटल फ्लाइट।”

मिडिल ईस्ट संकट और वैश्विक डर
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और तेल टैंकरों पर हमलों ने ऊर्जा सप्लाई को लेकर चिंता बढ़ा दी है। जब भी दुनिया में ऐसा संकट आता है, निवेशक सुरक्षित मुद्रा की तलाश में डॉलर की तरफ भागते हैं। इसका नतीजा यह होता है कि डॉलर मजबूत होता जाता है और बाकी देशों की करेंसी कमजोर। रुपये के साथ भी फिलहाल यही हो रहा है।
आम आदमी की जेब पर असर
अब सवाल वही है जो हर घर में पूछा जा रहा है “इससे हमारी जेब पर क्या असर पड़ेगा?” सबसे पहला असर ईंधन की कीमतों पर पड़ सकता है।
कच्चा तेल महंगा होने और रुपया कमजोर होने का मतलब है कि भारत को तेल आयात के लिए ज्यादा पैसा देना पड़ेगा। इसके बाद धीरे-धीरे असर दिखाई देता है पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ सकती हैं। इलेक्ट्रॉनिक्स और आयातित सामान महंगे हो सकते हैं। विदेश यात्रा और पढ़ाई का खर्च बढ़ सकता है
सरल भाषा में कहें तो रुपये की गिरावट का बिल आखिरकार आम आदमी ही भरता है।
जब तक मिडिल ईस्ट में तनाव कम नहीं होता और तेल की कीमतें स्थिर नहीं होतीं, तब तक रुपये पर दबाव बना रह सकता है। हालांकि सरकार और Reserve Bank of India स्थिति पर नजर रखे हुए हैं और जरूरत पड़ने पर बाजार में हस्तक्षेप कर सकते हैं।
अर्थव्यवस्था का टेस्ट मैच
रुपये की यह गिरावट सिर्फ एक दिन की खबर नहीं है। यह उस बड़े आर्थिक मैच का हिस्सा है जिसमें तेल, डॉलर, वैश्विक राजनीति और निवेशकों की मनोदशा सब साथ खेलते हैं। और फिलहाल स्कोरबोर्ड यही कह रहा है तेल महंगा… डॉलर मजबूत… और रुपया दबाव में।
मिडिल ईस्ट में जंग की आग: ईरान का मिसाइल तूफान, होर्मुज संकट से दुनिया दहली
