बकरीद को लेकर यूपी में हाई अलर्ट, लखनऊ में चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात; कानपुर में ट्रैफिक डायवर्जन, फर्रुखाबाद में सड़क पर नमाज पर रोक

लखनऊ: बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, जबकि सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है।

लखनऊ में ऐशबाग ईदगाह, टीले वाली मस्जिद और बड़ा इमामबाड़ा में होने वाली नमाज को देखते हुए पुलिस ने व्यापक सुरक्षा प्लान तैयार किया है। पूरे शहर को 4 जोन और 5 सेक्टरों में बांटकर निगरानी बढ़ा दी गई है। सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए 24 वरिष्ठ अधिकारियों समेत 1347 पुलिसकर्मियों और 6 कंपनी पीएसी को तैनात किया गया है।

सीसीटीवी और महिला सुरक्षा पर विशेष फोकस

संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था बबलू कुमार ने बताया कि शहर के संवेदनशील इलाकों और सार्वजनिक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार निगरानी की जा रही है। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो स्क्वॉड, पिंक पेट्रोल और यूपी-112 की टीमें सक्रिय कर दी गई हैं।

इसके अलावा सादे कपड़ों में महिला पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को तुरंत रोका जा सके।

नमाज स्थलों पर रियल टाइम मॉनिटरिंग

पुलिस प्रशासन ने पर्व से पहले रूट रिहर्सल और मॉक ड्रिल भी पूरी कर ली है। प्रमुख नमाज स्थलों और चौराहों की 24 घंटे निगरानी की जा रही है। सोशल मीडिया सेल को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है ताकि अफवाह फैलाने या भड़काऊ पोस्ट करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जा सके।

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

प्रमुख मस्जिदों में नमाज का समय तय

टीले वाली मस्जिद में सुबह 9 बजे, ऐशबाग ईदगाह में सुबह 10 बजे और बड़ा इमामबाड़ा स्थित आसिफी मस्जिद में 11 बजे नमाज अदा की जाएगी। नमाज के दौरान भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी की गई है।

कानपुर में लागू रहेगा भारी ट्रैफिक डायवर्जन

बकरीद के मौके पर कानपुर में बड़ी ईदगाह बजरिया में होने वाली नमाज को देखते हुए यातायात पुलिस ने कई प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन लागू किया है। यह व्यवस्था 28 मई की सुबह 5 बजे से नमाज समाप्त होने तक प्रभावी रहेगी।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले ट्रैफिक रूट प्लान की जानकारी जरूर लें। कई प्रमुख चौराहों और मार्गों पर वाहनों की आवाजाही को डायवर्ट किया जाएगा।

नमाजियों के लिए अलग पार्किंग व्यवस्था

यातायात पुलिस ने नमाजियों की सुविधा के लिए अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की है। साथ ही ट्रैफिक कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं ताकि किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत सहायता मिल सके।

फर्रुखाबाद में सड़क पर नमाज पढ़ने पर रोक

फर्रुखाबाद जिला प्रशासन ने भी बकरीद को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने साफ कहा है कि सड़क पर नमाज अदा करने की अनुमति नहीं होगी। सभी लोग केवल मस्जिद और ईदगाह परिसर के भीतर ही नमाज पढ़ेंगे।

प्रशासन ने कुर्बानी के अवशेष खुले में न फेंकने और स्वच्छता बनाए रखने के भी निर्देश दिए हैं। जिले में 171 मस्जिदों और 58 ईदगाहों में नमाज आयोजित होगी।

अधिकारियों ने किया पैदल मार्च

फर्रुखाबाद में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए संवेदनशील इलाकों में पैदल मार्च भी किया। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए हैं।

सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखते हुए प्रशासन ने लोगों से भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की है।

Related posts