कन्नौज हादसा, सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी, अमरनाथ यात्रा अपडेट- गरमाया देश

गौरव त्रिपाठी
गौरव त्रिपाठी

आज एक के बाद एक ब्रेकिंग घटनाओं से शुरू हुई। कहीं सड़कों पर चीख-पुकार थी तो कहीं अदालत में गंभीर सवाल उठे। उत्तर प्रदेश के कन्नौज से दिल दहला देने वाली दुर्घटना की खबर आई, वहीं सुप्रीम कोर्ट ने छात्र आत्महत्या मामलों पर गहरी चिंता जताई। इसके साथ ही बिहार विधानसभा में सियासी समीकरण गर्माए, तो दूसरी ओर गोवा से एक बड़ा धर्मांतरण गिरोह बेनकाब हुआ।

इधर तिरुपति में इंडिगो की इमरजेंसी लैंडिंग, और उधर जम्मू के वैष्णो देवी मार्ग पर लैंडस्लाइड से यात्रियों में हड़कंप मच गया। इन सबके बीच, श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ—अमरनाथ यात्रा में अब तक 3.2 लाख से अधिक लोग बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं।

चलिए, जानते हैं आज की हर बड़ी खबर एक नजर में, पूरे विस्तार से।

कन्नौज में स्कूल वैन हादसा, 14 बच्चे घायल

उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले से सोमवार सुबह एक दर्दनाक खबर सामने आई। एमएसए एजुकेशन सेंटर की स्कूल वैन को एक तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी, जिसमें 14 बच्चे घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास मौजूद कांवड़ियों और राहगीरों ने बच्चों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। पांच बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें हायर मेडिकल सेंटर रेफर किया गया है। घटना के बाद प्रशासन और स्कूल प्रबंधन पर सवाल उठने लगे हैं।

सुप्रीम कोर्ट ने छात्रों की आत्महत्या पर जताई गहरी चिंता

देश की सबसे बड़ी अदालत ने सोमवार को शिक्षा जगत से जुड़ी एक संवेदनशील समस्या को उठाया। जस्टिस जेबी पारदीवाला ने कहा कि सप्ताह की शुरुआत दुखद समाचारों से हो रही है—देश के प्रतिष्ठित संस्थानों जैसे शारदा यूनिवर्सिटी और आईआईटी खड़गपुर में छात्रों की आत्महत्याएं बेहद चिंताजनक हैं। कोर्ट ने शिक्षा संस्थानों से छात्रों की मानसिक स्थिति पर ध्यान देने की अपील की है।

बिहार विधानसभा में NDA की रणनीतिक बैठक शुरू

बिहार में आज से मानसून सत्र की शुरुआत हुई और इसी के साथ विधानसभा के सेंट्रल हॉल में NDA विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक शुरू हो गई। मुख्यमंत्री और गठबंधन दलों के सभी विधायक इसमें शामिल हुए। माना जा रहा है कि इसमें आगामी सत्र में उठाए जाने वाले मुद्दों और विपक्ष के सवालों से निपटने की रणनीति तय की जा रही है।

आगरा धर्मांतरण मामले में गोवा से आरोपी महिला गिरफ्तार

धर्मांतरण के एक हाई-प्रोफाइल केस में यूपी STF और गोवा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गोवा से एक महिला आरोपी आयशा को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि वह विदेशी फंडिंग के जरिए गरीबों का धर्मांतरण करवा रही थी। पुलिस ने उसके पास से कई डिजिटल डिवाइस, बैंक डिटेल्स और दस्तावेज जब्त किए हैं। मामले में अन्य राज्यों से भी लिंक सामने आ रहे हैं और आगे और गिरफ्तारियां संभव हैं।

इंडिगो फ्लाइट की तिरुपति एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग

20 जुलाई की रात तिरुपति से हैदराबाद जा रही इंडिगो की उड़ान में तकनीकी खराबी के कारण पायलट को इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। एयरलाइन के प्रवक्ता ने बताया कि यह निर्णय पूरी सावधानी और यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए लिया गया। सभी यात्री सुरक्षित हैं और फ्लाइट की जांच जारी है।

वैष्णो देवी यात्रा में लैंडस्लाइड, कई यात्री घायल

जम्मू-कश्मीर में वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर बाणगंगा के पास हुए भूस्खलन में कई यात्री घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिए गए हैं। घायल यात्रियों को कटरा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बारिश का सिलसिला लगातार जारी है जिससे क्षेत्र में अलर्ट जारी कर दिया गया है।

कोलकाता में TMC की शहीद दिवस रैली आज

पश्चिम बंगाल की सत्ताधारी पार्टी TMC आज कोलकाता में शहीद दिवस मना रही है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इस दौरान एक बड़ी रैली को संबोधित करेंगी। रैली में राज्यभर से लाखों TMC समर्थक पहुंचे हैं। ट्रैफिक डायवर्जन और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए प्रशासन अलर्ट पर है।

लखनऊ में मुठभेड़, आरोपी के पैर में लगी गोली

लखनऊ पुलिस ने सोमवार सुबह एक एनकाउंटर के दौरान एक आरोपी को पकड़ लिया। मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी है और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज मामलों की जांच शुरू कर दी है।

दिल्ली में हासिम बाबा गैंग का गुर्गा गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स ने कुख्यात गैंगस्टर हासिम बाबा के एक गुर्गे को गिरफ्तार किया है। वह दिल्ली और मेरठ के कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है और छेनू गैंग व नासिर गैंग से भी उसका कनेक्शन रहा है। पुलिस और एनआईए दोनों उसे लंबे समय से खोज रहे थे।

बाबा बर्फानी के दर्शन करने वालों की संख्या 3.2 लाख पार

अमरनाथ यात्रा में इस साल श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर है। अब तक 3 लाख 20 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं। श्राइन बोर्ड ने बताया कि सुरक्षा और मौसम की चुनौतियों के बावजूद यात्रा पूरी श्रद्धा और व्यवस्था के साथ जारी है।

पहले नेट, फिर इनकार – धवन बोले देश पहले, अफरीदी बोले शर्म आई

Related posts

Leave a Comment