समुद्र में पलटी 133 यात्रियों से भरी नाव, 67 लोगों को सुरक्षित निकाला गया; लापता यात्रियों की तलाश जारी

जॉर्जटाउन: दक्षिण अमेरिकी देश गुयाना में बड़ा समुद्री हादसा हो गया। 133 यात्रियों को लेकर जा रही एक नाव समुद्र में पलट गई, जिसके बाद राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया गया। अधिकारियों के अनुसार अब तक 67 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि बाकी यात्रियों की तलाश जारी है। फिलहाल मृतकों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

राजधानी से पोर्ट कैतूमा जा रही थी नाव

जानकारी के मुताबिक, हादसे का शिकार हुई नाव का नाम एमवी बारिमा है। यह राजधानी जॉर्जटाउन से उत्तरी अटलांटिक तट के रास्ते पोर्ट कैतूमा जा रही थी। यात्रा के दौरान पोमेरून नदी के पास नाव अचानक पलट गई, जिससे उसमें सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

बचाए गए लोगों में 15 बच्चे भी शामिल

गुयाना के प्रधानमंत्री मार्क फिलिप्स ने बताया कि अब तक 67 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। इनमें 15 बच्चे भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि अन्य यात्रियों की तलाश के लिए बचाव अभियान लगातार जारी है और सभी उपलब्ध संसाधनों का इस्तेमाल किया जा रहा है।

सरकारी और निजी नौकाएं बचाव अभियान में जुटीं

गुयाना के मंत्री जुआन एडघिल के अनुसार, स्थानीय समयानुसार रात 11 बजकर 1 मिनट पर हादसे की सूचना मिली थी। इसके तुरंत बाद सरकारी एजेंसियों के साथ निजी नौकाओं को भी राहत और बचाव कार्य में लगाया गया। प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि अभियान के दौरान और लोगों को सुरक्षित निकाला जा सकेगा। प्रधानमंत्री मार्क फिलिप्स स्वयं सरकारी स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं।

हाल ही में वियतनाम में भी हुआ था बड़ा हादसा

गुयाना की यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब कुछ दिन पहले वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास भी नाव पलटने का बड़ा हादसा हुआ था। उस दुर्घटना में 36 लोग सवार थे, जिनमें 32 पर्यटक और चार चालक दल के सदस्य शामिल थे। हादसे में 15 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 21 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया था।

 

Related posts