लखनऊ: उत्तर प्रदेश के दो प्रमुख शहर लखनऊ और वाराणसी के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। यात्रियों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने दोनों शहरों के बीच एक और इंटरसिटी ट्रेन चलाने का फैसला किया है। नई ट्रेन का संचालन गुरुवार से नियमित रूप से शुरू कर दिया गया है।
अब तक लखनऊ और वाराणसी के बीच मुख्य रूप से वरुणा एक्सप्रेस का संचालन होता था, लेकिन यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने एक अतिरिक्त ट्रेन सेवा शुरू की है। इससे रोजाना यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है।
रेल मंत्रालय ने स्पेशल ट्रेन को किया नियमित
उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक समर्थ गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि रेल मंत्रालय ने गाड़ी संख्या 04217/04218 वाराणसी-लखनऊ-वाराणसी स्पेशल एक्सप्रेस को नियमित ट्रेन के रूप में चलाने का निर्णय लिया है। अब यह ट्रेन नई संख्या 14225/14226 वाराणसी-लखनऊ-वाराणसी एक्सप्रेस के रूप में रोजाना संचालित की जाएगी।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक ट्रेन में कुल 15 कोच लगाए गए हैं, जिनमें 13 सामान्य द्वितीय श्रेणी के डिब्बे शामिल हैं। नई ट्रेन सेवा शुरू होने से खासतौर पर दैनिक यात्रियों, छात्रों और नौकरीपेशा लोगों को फायदा मिलेगा।
सुबह वाराणसी से चलेगी, दोपहर तक पहुंचेगी लखनऊ
गाड़ी संख्या 14225 वाराणसी से सुबह 6:20 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन बाबतपुर, जौनपुर, शाहगंज, मालीपुर, अकबरपुर, गोशाईंगंज, अयोध्या धाम, अयोध्या कैंट, रुदौली, दरियाबाद और बाराबंकी जंक्शन होते हुए दोपहर 12:20 बजे लखनऊ पहुंचेगी।
वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 14226 लखनऊ से शाम 4:20 बजे रवाना होगी और उन्हीं स्टेशनों से होकर रात 10:20 बजे वाराणसी पहुंचेगी।
कई ट्रेनों के समय में किया गया बदलाव
रेलवे प्रशासन ने बताया कि नई ट्रेन के नियमित संचालन के चलते 13307 धनबाद-फिरोजपुर गंगा सतलुज एक्सप्रेस के कई स्टेशनों पर आगमन और प्रस्थान समय में बदलाव किया गया है। इनमें मालीपुर, अकबरपुर, गोशाईंगंज, बिलहर घाट, अयोध्या धाम जंक्शन, अयोध्या कैंट, सोहावल और रुदौली स्टेशन शामिल हैं।
इसके अलावा 20402 लखनऊ-वाराणसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस अब वाराणसी स्टेशन पर रात 10:40 बजे पहुंचेगी।
रेलवे ने यात्रियों से की अपील
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन के समय और अन्य जरूरी जानकारी रेलवे हेल्पलाइन 139 या रेल वन ऐप के माध्यम से जरूर प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उरूली स्टेशन पर पांच ट्रेनों को अस्थायी ठहराव
वहीं रेलवे प्रशासन ने पुणे के निकट उरूली स्टेशन पर जून महीने में आयोजित होने वाले वार्षिक उत्सव और संक्रांति पर्व को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पांच ट्रेनों को एक मिनट का अस्थायी ठहराव देने का फैसला किया है।
इसके तहत 15030 पुणे-गोरखपुर एक्सप्रेस, 15029 गोरखपुर-पुणे एक्सप्रेस, 12104 लखनऊ जंक्शन-पुणे एक्सप्रेस, 11407 पुणे-लखनऊ जंक्शन एक्सप्रेस और 11408 लखनऊ जंक्शन-पुणे एक्सप्रेस को उरूली स्टेशन पर अस्थायी स्टॉपेज दिया गया है।
