UAE में मौत का तांडव, बस-ट्रक की भीषण टक्कर में 13 की मौत; भारतीय नागरिक भी शामिल, कई घायल

दुबई: संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के रास अल खैमाह में मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे में 13 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 14 अन्य घायल हो गए। हादसा इतना भयानक था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई। मृतकों में भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने घटना पर दुख जताते हुए प्रभावित परिवारों से संपर्क करने की जानकारी दी है।

यह हादसा रास अल खैमाह की अल वतन रोड पर उस समय हुआ, जब यात्रियों से भरी एक बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, ट्रक तकनीकी खराबी के कारण सड़क पर खड़ा था। टक्कर के बाद राहत और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचा और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

बस में सवार थे 41 यात्री, अस्पताल में बढ़ा मृतकों का आंकड़ा

स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, हादसे के समय बस में 41 यात्री सवार थे। शुरुआती रिपोर्ट में 11 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई थी, लेकिन इलाज के दौरान दो और घायलों ने दम तोड़ दिया। इसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 13 हो गई।

अधिकारियों ने बताया कि हादसे में घायल 14 लोगों में कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है। सभी घायलों का इलाज अस्पतालों में चल रहा है।

भारतीय दूतावास ने शुरू की मदद, परिवारों से किया संपर्क

दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने हादसे में भारतीय नागरिकों के शामिल होने की पुष्टि की है। दूतावास ने बताया कि प्रभावित परिवारों से संपर्क किया गया है और स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

हालांकि, हादसे में कितने भारतीय नागरिकों की मौत हुई है या कितने घायल हुए हैं, इसकी आधिकारिक संख्या अभी जारी नहीं की गई है। दूतावास ने मदद के लिए 24 घंटे की टोल-फ्री हेल्पलाइन भी जारी की है।

राहत अभियान में जुटीं टीमें, हादसे की जांच जारी

घटना की जानकारी मिलते ही बचाव दलों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया। अधिकारियों की ओर से हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

इससे पहले UAE के फुजैराह में भी एक भीषण सड़क हादसा हुआ था, जिसमें कई वाहनों की टक्कर में 14 लोगों की मौत हुई थी। उस हादसे में चार भारतीय नागरिक भी शामिल थे।

Related posts