उन्नाव में दिव्यांग युवक से मारपीट के मामले में 6 दिन बाद FIR, अब भी सहमा है पीड़ित

उन्नाव। जिले में दिव्यांग युवक के साथ कथित मारपीट के मामले में छह दिन बाद एफआईआर दर्ज होने पर कांग्रेस विकलांग प्रकोष्ठ ने नाराजगी जताई है। प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव एवं प्रवक्ता तन्मय श्रीवास्तव ने कहा कि पीड़ित अनुपम कुमार अभी भी डरा और सहमा हुआ है। उन्होंने मामले में निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।


बुधवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में कांग्रेस विकलांग प्रकोष्ठ की बैठक आयोजित हुई। इस दौरान तन्मय श्रीवास्तव ने बताया कि शेखपुरा नहर बाजार निवासी अनुपम कुमार करोवन मोड़ स्थित कुडूखेड़ा क्रॉसिंग के पास एएस इलेक्ट्रॉनिक एंड फर्नीचर में काम करता है। वह 60 प्रतिशत दिव्यांग है। आरोप है कि गुनगुन इलेक्ट्रॉनिक एवं कॉस्मेटिक की मालकिन और एक नौकरानी ने उसे बीच सड़क पर लाठी-डंडों से पीटा और जान से मारने की धमकी दी।

तन्मय श्रीवास्तव के अनुसार, पीड़ित ने चौकी मगरवारा और सदर कोतवाली में शिकायत की, लेकिन शुरुआती दो दिनों तक सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने संगठन के पदाधिकारियों को अपनी आपबीती बताई। उन्होंने बताया कि 27 अक्टूबर की देर शाम तीन लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115 और 351 के तहत एफआईआर दर्ज की गई।

हालांकि, उन्होंने मांग की कि वीडियो में दिखाई देने वाले लोगों की पहचान कर जांच की जाए और 15 दिनों के भीतर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जब तक पीड़ित को न्याय नहीं मिलता, तब तक संगठन एफआईआर की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं है। बैठक में जिला अध्यक्ष शाश्वत बाजपेई, सुरेंद्र कुमार, अरविंद सोनी, गंगाघाट नगर अध्यक्ष सोनम सतीश सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Related posts