झांसी। नवाबाद पुलिस टीम द्वारा आईटीसी (ITC) कंपनी से मिली गोपनीय सूचना के आधार पर अवैध/नकली सिगरेट के निर्माण और भंडारण के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की गई है। पुलिस टीम ने थाना प्रभारी के नेतृत्व में दो स्थानों—एक गोदाम और एक फैक्ट्री—पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर भारी मात्रा में ब्रांडेड कंपनियों (जैसे गोल्ड फ्लेक और विल्स फ्लेक) के नाम पर बनाई जा रही नकली सिगरेट, तंबाकू के दर्जनों बोरे, पैकेजिंग मटेरियल, रैपर, फिल्टर बड्स और सिगरेट बनाने की अत्याधुनिक मशीनों के पूरे सेट को जब्त किया है। बरामद किए गए कुल माल का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 2 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।
इस अवैध और फर्जी कारोबार को ‘डिफेंडर’ नाम की रजिस्टर्ड फर्म तथा जीएसटी रजिस्ट्रेशन की आड़ में संचालित किया जा रहा था, जिसके मुख्य संचालक/मालिक श्रीनिवास मिश्रा (उम्र लगभग 63 वर्ष) को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया है।
इस पूरे मामले में नियमानुसार अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है तथा रैकेट के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य पहलुओं की गहनता से विवेचना की जा रही है।
