प्रयागराज: उत्तर प्रदेश में परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों की पदोन्नति प्रक्रिया 7 नवंबर तक पूरी करने का लक्ष्य तय किया गया है। बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव सुरेंद्र कुमार तिवारी ने शुक्रवार को सभी जिलों के बेसिक शिक्षा अधिकारियों (बीएसए) को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। प्रमोशन के लिए शिक्षक-शिक्षिकाओं का शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) उत्तीर्ण होना अनिवार्य होगा।
वरिष्ठता सूची तैयार करने के निर्देश
बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव ने निर्देश दिया है कि शिक्षकों की वरिष्ठता सूची तैयार कर निर्धारित समयसीमा में उपलब्ध कराई जाए। नौ अक्टूबर को जारी निर्देश में 23 अक्टूबर तक वरिष्ठता सूची उपलब्ध कराने को कहा गया था। जिन जिलों में सूची पर आपत्तियां मांगने, उनका निस्तारण करने और अंतिम सूची तैयार करने की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है, वहां इसे 15 दिनों के भीतर पूरा करने को कहा गया है।
इसके बाद जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) के प्राचार्य की अध्यक्षता में चयन समिति गठित की जाएगी। इसमें बीएसए सदस्य सचिव होंगे। जिला मुख्यालय स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य और जिलाधिकारी की ओर से नामित हिंदी, उर्दू या अन्य भाषा के विशेषज्ञ को भी समिति में सदस्य के रूप में शामिल किया जाएगा।
वरिष्ठता के आधार पर तैयार होगी पात्रता सूची
शिक्षकों के नाम वरिष्ठता क्रम में तैयार कर उनकी चरित्र पंजिकाओं और जरूरी दस्तावेजों के साथ चयन समिति के सामने रखे जाएंगे। समिति चयनित अभ्यर्थियों की सूची बनाकर नियुक्ति प्राधिकारी को भेजेगी।
इसके बाद अनुपयुक्त पाए जाने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं को हटाकर उपलब्ध रिक्त पदों के अनुसार वरिष्ठता क्रम में पात्रता सूची तैयार की जाएगी। वरिष्ठता सूची बनाने के साथ ही पदस्थापन के लिए उपलब्ध पदों का निर्धारण भी किया जाएगा।
सभी जिलों को पदोन्नति के लिए रिक्त पदों, वरिष्ठता सूची और पात्रता सूची से संबंधित जानकारी 23 अक्टूबर तक बेसिक शिक्षा परिषद के ई-मेल पर उपलब्ध करानी होगी।
प्रमोशन के लिए टीईटी की अलग-अलग पात्रता
शिक्षक-शिक्षिकाओं की पात्रता सूची में टीईटी उत्तीर्ण होने का विवरण दर्ज करना अनिवार्य होगा। प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पदस्थापन के लिए टीईटी के स्तर के आधार पर पात्रता निर्धारित की जाएगी।
- केवल प्राथमिक स्तर की टीईटी उत्तीर्ण करने वाले शिक्षक प्राथमिक विद्यालयों में पदस्थापन के पात्र होंगे।
- उच्च प्राथमिक स्तर की टीईटी पास करने वाले शिक्षक उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पदस्थापन के पात्र होंगे।
- प्राथमिक और उच्च प्राथमिक, दोनों स्तरों की टीईटी उत्तीर्ण करने वाले शिक्षक दोनों प्रकार के विद्यालयों में पदस्थापन के लिए पात्र होंगे।
पदोन्नति के पात्र शिक्षकों से वरिष्ठता के आधार पर प्राथमिक या उच्च प्राथमिक विद्यालय में पदस्थापन का विकल्प लिया जाएगा। विकल्प मांगने से पहले उन्हें स्पष्ट रूप से बताया जाएगा कि संबंधित पद के लिए टीईटी उत्तीर्ण होना अनिवार्य है।
