वाराणसी से दिल्ली जा रहे विमान में धुआं दिखने से हड़कंप, लखनऊ एयरपोर्ट पर कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग; 155 यात्री सुरक्षित

लखनऊ: वाराणसी से दिल्ली जा रहे एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान में कार्गो क्षेत्र की ओर धुआं दिखाई देने के बाद हड़कंप मच गया। विमान के चालक ने लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के वायु यातायात नियंत्रण से आपातकालीन लैंडिंग की अनुमति मांगी। अनुमति मिलने के बाद विमान को करीब 8:55 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया। विमान में सवार सभी 155 यात्रियों को बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर रखा गया है।

गुरुवार सुबह करीब 8 बजे वाराणसी से दिल्ली के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान संख्या एआई 1253 ने उड़ान भरी थी। वाराणसी से दिल्ली के रास्ते में लखनऊ के आसपास चालक दल के सदस्यों को विमान के कार्गो क्षेत्र की तरफ धुआं दिखाई दिया। इसके बाद उन्होंने तत्काल इसकी जानकारी विमान के चालक को दी।

चालक ने मांगी आपातकालीन लैंडिंग की अनुमति

कार्गो क्षेत्र से धुआं दिखाई देने की सूचना मिलने के बाद विमान के चालक ने पास के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के वायु यातायात नियंत्रण से संपर्क किया। चालक ने विमान में धुआं दिखाई देने की जानकारी देते हुए आपातकालीन लैंडिंग की अनुमति मांगी।

वायु यातायात नियंत्रण की ओर से संबंधित सभी एजेंसियों को सतर्क किया गया। इसके बाद लखनऊ एयरपोर्ट पर विमान को उतारने की अनुमति दे दी गई।

विमान उतरते ही सभी यात्रियों को बाहर निकाला गया

लखनऊ एयरपोर्ट पर विमान के उतरते ही उसमें मौजूद सभी 155 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद मौके पर पहुंची सुरक्षा एजेंसियों ने विमान की जांच शुरू की। एहतियात के तौर पर विमान की पूरी तरह जांच की जा रही है।

जांच में अभी नहीं मिली कोई संदिग्ध वस्तु

अब तक विमान के भीतर कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है और न ही किसी हिस्से से धुआं निकलता दिखाई दिया है। इसके बावजूद सुरक्षा के मद्देनजर विमान की गहन जांच की जा रही है। सभी यात्रियों को विमान से उतारकर सुरक्षित स्थान पर बैठाया गया है।

जांच पूरी होने के बाद दिल्ली जाएगा विमान

एयरपोर्ट प्रवक्ता के अनुसार, वाराणसी से दिल्ली जा रहे एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान संख्या एआई 1253 की करीब 8:55 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग कराई गई। विमान में सवार सभी 155 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं। जांच पूरी होने के बाद विमान को दिल्ली के लिए रवाना किया जाएगा।

 

Related posts