Netflix की ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ ने भारतीय अर्थव्यवस्था में जोड़े 215 करोड़ रुपये, 850 से ज्यादा स्थानीय कारोबारों को मिला फायदा

नई दिल्ली: भारत में अपने 10 वर्ष पूरे होने के अवसर पर नेटफ्लिक्स ने अपनी महत्वाकांक्षी सीरीज ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ को लेकर बड़ा दावा किया है। कंपनी के अनुसार यह प्रोजेक्ट भारतीय अर्थव्यवस्था में 24 मिलियन अमेरिकी डॉलर, यानी 215 करोड़ रुपये से अधिक का योगदान देने में सफल रहा है। इस प्रोडक्शन से हजारों लोगों को रोजगार मिला और सैकड़ों स्थानीय व्यवसायों को भी सीधा लाभ पहुंचा।

भारत की क्रिएटिव क्षमता का बड़ा उदाहरण बताया प्रोजेक्ट

नई दिल्ली में आयोजित वर्ल्ड प्रीमियर के दौरान नेटफ्लिक्स के सह-सीईओ टेड सारंडोस ने कहा कि ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ भारत में अब तक का कंपनी का सबसे बड़ा और महत्वाकांक्षी प्रोडक्शन है। उन्होंने कहा कि नेटफ्लिक्स का हर प्रोजेक्ट स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देता है। उनके अनुसार भारत के पास विश्वस्तरीय कंटेंट तैयार करने के लिए प्रतिभा, तकनीकी विशेषज्ञता और मजबूत प्रोडक्शन क्षमता मौजूद है।

850 से अधिक स्थानीय कारोबारों और हजारों लोगों को मिला काम

कंपनी के मुताबिक इस प्रोजेक्ट में 850 से ज्यादा स्थानीय व्यवसायों के साथ काम किया गया। इसके अलावा 200 से अधिक कलाकारों और क्रू सदस्यों को प्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिला, जबकि 4000 से ज्यादा दैनिक श्रमिक 115 दिनों तक चले शूटिंग शेड्यूल का हिस्सा बने। इससे निर्माण, सेट डिजाइन, परिवहन, कैटरिंग, लॉजिस्टिक्स और अन्य कई क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय कारोबारों को भी लाभ मिला।

11 शहरों में 115 दिनों तक चली शूटिंग

‘ऑपरेशन सफेद सागर’ की शूटिंग 115 दिनों तक देश के 11 शहरों में की गई। इनमें पटियाला, पटौदी, नोएडा, नई दिल्ली, मुंबई, मनाली, केलांग, ग्वालियर, गुरुग्राम, चंडीगढ़ और बीकानेर शामिल हैं। लंबे शूटिंग शेड्यूल के दौरान स्थानीय सेवाओं और संसाधनों का व्यापक स्तर पर उपयोग किया गया।

वीएफएक्स उद्योग को भी मिला बड़ा बढ़ावा

इस प्रोजेक्ट के लिए नेटफ्लिक्स ने भारत के 15 वीएफएक्स स्टूडियो के साथ साझेदारी की। बेंगलुरु, मुंबई, हैदराबाद और चेन्नई के लगभग 1200 कलाकारों ने मिलकर करीब 50 मिनट के हवाई दृश्य तैयार किए। कंपनी के अनुसार केवल वीएफएक्स और क्रिएटिव टेक्नोलॉजी से जुड़ी साझेदारियों के माध्यम से ही भारतीय अर्थव्यवस्था में 5 मिलियन अमेरिकी डॉलर यानी करीब 49 करोड़ रुपये का योगदान हुआ, जो पूरे प्रोजेक्ट के आर्थिक प्रभाव का लगभग 20 प्रतिशत है।

भारत में 10 साल पूरे होने पर साझा किया अनुभव

टेड सारंडोस ने कहा कि भारत में पिछले 10 वर्षों के दौरान नेटफ्लिक्स ने हर प्रोजेक्ट के जरिए स्थानीय प्रतिभाओं और उद्योग को आगे बढ़ाने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ इस यात्रा का सबसे मजबूत उदाहरण है, जिसने मनोरंजन के साथ-साथ आर्थिक गतिविधियों और रोजगार सृजन में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

200 से ज्यादा भारतीय ओरिजिनल्स कर चुका है लॉन्च

कंपनी के अनुसार भारत में अपनी शुरुआत के बाद पिछले एक दशक में नेटफ्लिक्स 200 से अधिक भारतीय ओरिजिनल फिल्में और सीरीज लॉन्च कर चुका है। इन प्रोजेक्ट्स के जरिए भारतीय कहानियों को वैश्विक मंच मिला है और देश की तेजी से बढ़ती क्रिएटिव अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिली है।

 

Related posts